टीम इंडिया को उस वक्त ट्रॉफी लेना थी: पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ बोले- अब इतनी जल्दबाजी में क्यों है भारतीय टीम, नकवी ने सब सही किया
Published:
3 min read

मोहम्मद यूसुफ ने 1998 में पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। पहले वो क्रिश्चियन थे, बाद में इस्लाम अपना लिया। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 जीतने के बाद भी टीम इंडिया ने ट्रॉफी नहीं ली थी। इसकी वजह यह थी कि यह ट्रॉफी उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी से लेनी थी। टीम इंडिया पहलगाम हमले और इस पर नकवी की बयानबाजी से बेहद खफा थी। लिहाजा, उसने नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इस मामले पर विवाद और बयानबाजी अब भी जारी है।
ताजा रिएक्शन पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ का आया। उन्होंने पाकिस्तान के एक टीवी चैनल पर कहा- मोहसिन नकवी ने जो कहा और किया। वो सही था। टीम इंडिया ने उनसे ट्रॉफी नहीं ली तो वो उसे अपने साथ होटल ले गए। बाद में इसे ACC के ऑफिस में रखवा दिया।
टीम को ट्रॉफी वहीं लेनी चाहिए थी
यूसुफ ने कहा- चेयरमैन साहब (मोहसिन नकवी) जो कर रहे हैं, वह बिल्कुल सही है। भारतीय टीम को उसी वक्त ट्रॉफी लेनी चाहिए थी। ACC और ICC के नियम के हिसाब से वे ACC चीफ के तौर पर वहां खड़े थे। ट्रॉफी उन्हीं के हाथ से लेनी चाहिए थी। टीम इंडिया ने उस वक्त ट्रॉफी नहीं ली तो अब इतनी जल्दी क्यों है? अगर याद आया कि ट्रॉफी लेनी है, तो आप ऑफिस जाकर ले लेते। मगर आप तो मैदान में रील बनाने में बिजी थे।
युसुफ ने कहा- मैंने उस दिन भी कहा था। ये फिल्मी दुनिया से बाहर नहीं निकलेंगे। यह खेल है, यहां फिल्में नहीं चलेंगी। फिल्मों में रीटेक होते हैं। आप यहां रियल गेम में हैं।
हैंडशेक भी नहीं किया था
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच सारे तनावपूर्ण ही रहे। पहले मैच में टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। तीनों मैच जीतने के बाद भी भारत के किसी भी खिलाड़ी ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इसकी वजह अप्रैल 2025 में पहलगाम हमले के बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर को बताया गया। 14 सितंबर को ग्रुप स्टेज, 21 को सुपर 4 और 28 सितंबर को फाइनल इन टीमों के बीच हुआ। हर बार हैंडशेक नहीं हुआ।
मैच के दौरान विवादित इशारे
ग्रुप स्टेज के मैच में पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने हाफ सेंचुरी लगाने के बाद गन सेलिब्रेशन किया था। गेंदबाज हारिस रऊफ ने भी प्लेन क्रैश जैसे इशारे किए। इन हरकतों के कारण दोनों खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया।
जीत के बाद भारत ने ट्रॉफी लेने से मना किया
भारत ने 28 सितंबर (रविवार) को पाकिस्तान को एशिया कप के फाइनल में हराकर 9वां खिताब अपने नाम किया। बाद में भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष से ट्रॉफी लेने से इंकार कर दिया था। साथ ही फाइनल मैच से पहले दोनों टीमों के बीच ट्रॉफी के साथ फोटो शूट भी नहीं हुआ था।

