भारत की ODI टीम में बदलाव की तैयारी: पंत की वापसी पर नजर, हार्दिक की फिटनेस भी अहम; वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए बुधवार को होगा टीम का फैसला
Published:
5 min read

पंत की आखिरी ODI सीरीज भारत का 2024 में श्रीलंका दौरा थी। उन्होंने इस सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे 7 अगस्त 2024 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला था।
स्पोर्ट्स डेस्क.वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। ऋषभ पंत की वनडे टीम में वापसी और फिट होकर लौट रहे हार्दिक पंड्या की उपलब्धता पर सबसे ज्यादा चर्चा होगी। वहीं, BCCI की चयन समिति अजित अगरकर की अगुवाई में तीन IPL कप्तानों को टीम में जगह देने पर भी विचार कर सकती है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में शुरू होगी, जबकि पांच मैचों की T20I सीरीज 6 अक्टूबर से खेली जाएगी।
पंत को मिल सकता है वनडे टीम में एक और मौका
पंत की हालिया IPL फॉर्म भले ही उम्मीद के मुताबिक नहीं रही हो, लेकिन अब उन्हें वनडे टीम में वापसी का मौका मिल सकता है। पंत की खराब फॉर्म के चलते उन्हें टेस्ट की उप-कप्तानी के साथ-साथ व्हाइट-बॉल टीम से भी बाहर होना पड़ा था। हालांकि, ईशान किशन एशियन गेम्स के लिए जापान में होंगे, ऐसे में सिलेक्टर 15 सदस्यीय वनडे टीम में पंत को शामिल करने पर विचार कर सकते हैं। फिलहाल केएल राहुल पहली पसंद के विकेटकीपर हैं और शुभमन गिल के डिप्टी की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं, क्योंकि श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स में व्यस्त रहेंगे। अगर पंत को टीम में जगह नहीं मिलती है तो ध्रुव जुरेल को चुना जा सकता है और पंत को ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी के लिए भेजा जा सकता है।

हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर रहेगा सबसे बड़ा सवाल
हार्दिक के 20 सितंबर को मैच खेलने के लिए क्रिकेट में वापसी करने की उम्मीद है। उन्हें पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में भी चुना गया है, जिसकी शुरुआत 6 अक्टूबर से होगी। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का पहला वनडे इससे पहले ही 27 सितंबर को है। ऐसे में सिलेक्टर के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या हार्दिक इतने कम समय में एक पूरे वनडे मैच में 10 ओवर गेंदबाजी और 50 ओवर तक फील्डिंग करने के लिए तैयार होंगे।
अगर हार्दिक उपलब्ध नहीं होते हैं तो भारत के पास तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर के विकल्प काफी कम हैं। दूसरा विकल्प नितीश कुमार रेड्डी हैं, लेकिन वह एशियन गेम्स के दौरान जापान में होंगे। वहीं तीसरे और चौथे विकल्प सूर्यांश शेडगे और वेंकटेश अय्यर इस समय चोटिल हैं।

गायकवाड़ को मिल सकता है नंबर-4 का जिम्मा
श्रेयस अय्यर के एशियन गेम्स में रहने के कारण रुतुराज गायकवाड़ को वनडे टीम में नंबर-4 पर बल्लेबाजी का मौका मिलने की उम्मीद है। उनके ऊपर कप्तान शुबमन गिल, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे बल्लेबाजों के बाद मिडिल ऑर्डर को संभालने की जिम्मेदारी होगी। वहीं यशस्वी जायसवाल रिजर्व ओपनर के तौर पर टीम में शामिल हो सकते हैं। मिडिल ऑर्डर के बैकअप के लिए रजत पाटीदार का नाम भी चर्चा में है। गायकवाड़ और पाटीदार दोनों को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के बाद इंडिया ए के लिए भी खेलना है। इस दौरान गायकवाड़ को इंडिया ए की कप्तानी भी करनी है।
जडेजा या मानव सुथार, किसे मिलेगा मौका?
वनडे सीरीज के लिए स्पिन विभाग में भी चयनकर्ताओं के सामने बड़ा सवाल है। रवींद्र जडेजा को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया था, लेकिन अब उनकी वापसी हो सकती है। इसकी वजह यह भी है कि सेंट्रल जोन के लिए खेल रहे हर्ष दुबे दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में चोटिल हो गए हैं।

हर्ष दुबे और अक्षर पटेल को वनडे टीम में दो बाएं हाथ के स्पिन विकल्पों के तौर पर देखा जा रहा था। लेकिन दोनों की गैरमौजूदगी से जडेजा के लिए रास्ता खुल सकता है। हालांकि, चयनकर्ता अगर कोई चौंकाने वाला फैसला लेते हैं तो मानव सुथार को भी मौका मिल सकता है। अक्षर एशियन गेम्स में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।
अगर चोटिल वरुण चक्रवर्ती फिट नहीं होते हैं और एशियन गेम्स के लिए कुलदीप यादव को बुलाया जाता है, तो वनडे टीम के स्पिन विभाग में मुश्किल और बढ़ सकती है। ऐसे में रिस्ट स्पिनर के तौर पर विप्रज निगम या जीशान अंसारी जैसे खिलाड़ियों पर भी विचार किया जा सकता है।
सिराज की वनडे टीम में होगी वापसी
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम पाने वाले मोहम्मद सिराज की टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। उनके साथ गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव को भी टीम में जगह मिलने की उम्मीद है। ये तीनों पिछली वनडे सीरीज का हिस्सा थे। वहीं जसप्रीत बुमराह एशियन गेम्स के कारण इस सीरीज में उपलब्ध नहीं होंगे। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और स्पिनर युजवेंद्र चहल की वापसी की संभावना फिलहाल काफी कम बताई जा रही है। जब तक कोई बड़ा बाहरी दबाव नहीं बनता, दोनों को टीम में शामिल किए जाने की उम्मीद नहीं है।

T20I टीम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं
वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम लगभग एशियन गेम्स की टीम जैसी रहने की उम्मीद है। T20I मुकाबले 6 अक्टूबर से शुरू होंगे। हालांकि, वनडे टीम चुनना सिलेक्टर के लिए ज्यादा चैलेज होगा, क्योंकि उन्हें पंत, पंड्या, जडेजा और स्पिन विभाग को लेकर कई अहम फैसले लेने हैं।
इसी बीच चयन समिति के प्रमुख अजित अगरकर की भी बोर्ड के फैसला लेने वाले' अधिकारियों से बातचीत होने की संभावना है। चर्चा इस बात पर हो सकती है कि क्या उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप के अंत तक कार्यकाल मिलेगा।

