भारतीय वनडे टीम से 7 खिलाड़ी बाहर: तिलक-पंत की लंबे समय बाद वापसी, जडेजा भी टीम में; देखिए स्क्वॉड एनालिसिस
Published:
4 min read

भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे में चोट लगी थी। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज खेल रही है। इसके बाद 3 वनडे और 5 टी20 की सीरीज खेली जानी है। इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने वनडे टीम ऐलान कर दिया है। इस 15 सदस्यीय टीम में कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर समेत 7 खिलाड़ी शामिल नहीं हैं।
शुभगन गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल को टीम की कप्तानी दी गई है। जबकि रोहित शर्मा और विराट कोहली की 35 दिन बाद टीम में वापसी हुई है। गिल और अय्यर के अलावा जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल भी टीम से बाहर हैं। आइए जानते हैं ऐसा क्यों हुआ...
कोलकाता टेस्ट में चोटिल हुए थे गिल
गिल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में गर्दन में चोट लगी थी। वे पहली पारी में बैटिंग के लिए आए थे, लेकिन 3 बॉल पर 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। तीसरी बॉल पर स्वीप शॉट खेलने के दौरान ही उन्हें गर्दन में दर्द हुआ।
गिल मैदान से बाहर गए और दोनों पारी में बैटिंग के लिए दोबारा नहीं आए। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि एक दिन बाद ही गिल को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई थी। फिलहाल, वे रिकवर कर रहे हैं।

कैच लेते समय लगी थी चोट
अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे में चोट लगी थी। 25 अक्टूबर को हुए इस मैच में उन्होंने पीछे की तरफ भागते हुए कैच पकड़ा था। इसी दौरान अय्यर बुरी तरह गिरे और उनकी पसलियों में गंभीर चोट आई। उनकी स्कैन और मेडिकल रिपोर्ट्स से इंटरनल ब्लीडिंग का पता लगा। उन्हें ICU में भर्ती करके तुरंत इलाज किया गया था।
अय्यर अपने घर लौट आए हैं, लेकिन डॉक्टर की निगरानी में इलाज चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अय्यर का एक और USG स्कैन होगा। इसके बाद ही वे रिहैब शुरू कर सकेंगे।
जसप्रीत बुमराह
अनुभवी फास्ट बॉलर जसप्रीत बुमराह इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज खेल रहे हैं। ऐसे में वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते बुमराह को आराम दिया है। इसी के चलते साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए नहीं चुना गया।

मोहम्मद सिराज
भारतीय अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज टीम इंडिया की पिछली वनडे सीरीज का हिस्सा थे। यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी के घर में थी। यहां उनका प्रदर्शन ठीक नहीं रहा था। सिराज ने 3 वनडे में 2 ही विकेट लिए थे। सिराज अभी टेस्ट सीरीज भी खेल रहे हैं। ऐसे में BCCI ने सिराज को आराम देना ही बेहतर समझा।
अक्षर पटेल
स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल को भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। जबकि अक्षर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छा ही प्रदर्शन किया था। उन्होंने 3 वनडे की सीरीज में 3 विकेट लिए थे। साथ ही बैटिंग में 75 रन भी बनाए थे।
वरुण चक्रवर्ती
स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती इस समय अपने कॅरियर की सबसे अच्छी फॉर्म में हैं। उन्होंने इसी साल ICC चैम्पियंस ट्रॉफी में भी शानदार प्रदर्शन किया था। वरुण ने 3 मैचों में 9 विकेट लेकर भारतीय टीम को चैम्पियन बनाया था। हालांकि BCCI ने वरुण को भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में जगह नहीं दी।

हार्दिक पंड्या
फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को एशिया कप 2025 के दौरान चोट लगी थी। फिलहाल वे रिकवरी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो BCCI ने साफ कर दिया है कि पंड्या को पहले सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में कुछ मैच खेलकर अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। इसके बाद ही साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे या टी20 सीरीज में सिलेक्शन के लिए विचार किया जाएगा।
टीम इंडिया का वनडे स्क्वॉड
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और ध्रुव जुरेल।

