वनडे में सबसे खराब भारतीय गेंदबाजी: टॉप-20 में कोई बॉलर नहीं, 2 साल के रिकॉर्ड दे रहे गवाही, वर्ल्ड कप के लिए टेंशन
Published: Updated:
3 min read
Written By: Shribabu gupta

साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज के दूसरे मैच में भारतीय टीम को 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेल रही है। उसके शुरुआती दो मैचों में भारतीय गेंदबाजी की पोल खुलती नजर आ रही है। खासकर पेस बॉलिंग अटैक एकदम फ्लॉप नजर आ रहा है। सीरीज का पहला मैच बड़ी मुश्किल से आखिरी ओवर में जाकर जीता था। जबकि 350 रन का टारगेट दिया था।
दूसरे वनडे में भी 359 रन का बड़ा टारगेट दिया, लेकिन इस बार इस बार हार झेलनी पड़ गई। प्रसिद्ध कृष्णा ने 10.20 के इकोनॉमी रेट से रन लुटाए और सिर्फ 2 विकेट लिए। हर्षित राणा ने भी 10 ओवर में 70 रन दिए और एक ही विकेट लिया।
2 साल से भारतीय बॉलिंग का हाल खराब
ऐसे में हेड कोच गौतम गंभीर और भारतीय टीम मैनेजमेंट को काफी आलोचनाएं झेलनी पड़ रही हैं। क्योंकि भारतीय टीम को वनडे में 2023 वर्ल्ड कप के लिहाज से तैयार किया जा रहा है। यदि इसी गेंदबाजी अटैक के साथ आगे बढ़ते रहे तो कप को भूलना पड़ेगा। भारतीय गेंदबाजी का हाल यह अभी से नहीं बल्कि 2 साल से चला आ रहा है।
पिछले 2 साल (4 दिसंबर 2023 से 4 दिसंबर 2025 तक) का रिकॉर्ड देखें तो ODI में बेहतरीन प्रदर्शन (एवरेज के लिहाज से) करने वाले टॉप-20 बॉलर्स (10+ वनडे खेलने वाले) में भी कोई भारतीय नहीं है।

टॉप-20 में कोई भी भारतीय बॉलर नहीं
इस लिस्ट में ओमान के स्पिनर शकील अहमद टॉप पर हैं, जिन्होंने 15 वनडे में 39 विकेट लिए। इस दौरान उनका एवरेज 11.15 का रहा है।
भारतीयों की बात करें तो इस लिस्ट में पेसर अर्शदीप सिंह 21वें नंबर पर हैं। उन्होंने 10 वनडे में 21 विकेट लिए हैं। उनका एवरेज 20.14 का रहा है।
भारतीयों में उनके बाद हर्षित राणा हैं, जिन्होंने 10 मैच में 20 विकेट लिए। वे इस लिस्ट में 38वें नंबर पर काबिज हैं। राणा का एवरेज 23.31 का रहा है।
2 साल के ODI में टॉप एवरेज वाले इंडियन बॉलर
अर्शदीप सिंह - 10 मैच - 21 विकेट - 20.14 एवरेज
हर्षित राणा - 10 मैच - 20 विकेट - 23.35 एवरेज
वॉशिंगटन सुंदर - 10 मैच - 23 विकेट - 25.15 एवरेज
मोहम्मद शमी - 7 मैच - 11 विकेट - 30.63 एवरेज
रवींद्र जडेजा - 9 मैच - 11 विकेट - 31.90 एवरेज
वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से नहीं खेले बुमराह
बुमराह ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद से कोई ODI नहीं खेला है। उन्होंने आखिरी वनडे 19 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल खेला था। इसमें 2 विकेट लिए थे।
दूसरी ओर मोहम्मद शमी इन 2 साल में सिर्फ 7 वनडे खेले, जिसमें 30.63 के एवरेज से 11 विकेट लिए। शमी इस लिस्ट के टॉप-140 से भी बाहर हैं। शमी ने आखिरी वनडे ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल खेला था। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में चैम्पियन बनी थी। फाइनल में शमी ने 1 विकेट लिया था।
वर्ल्ड कप तक इंडिया को 35 वनडे खेलने हैं
वनडे वर्ल्ड कप 2027 के अक्टूबर-नवंबर में खेला जाना है। यह टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे के संयुक्त मेजबानी में होगा। वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम को करीब 35 वनडे मैच खेलने हैं। खास बात यह भी है कि गौतम गंभीर भी वर्ल्ड कप तक ही कोच बने रहेंगे।
ऐसे में यदि भारतीय टीम को वर्ल्ड कप अपने नाम करना है तो बॉलिंग लाइनअप मजबूत करना होगा। बुमराह, शमी और सिराज को वापस लाकर टीम को मजबूती देनी होगी। अब देखना होगा टीम मैनेजमेंट और BCCI क्या कर पाता है।

