लॉर्ड्स में हार पर बोले सिराज: हार सबक सिखाती है; बशीर की गेंद पर आउट हुए थे सिराज, चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में 23 जुलाई से
Published:
2 min read

सिराज ने 10वें विकेट के लिए जडेजा के साथ मिलकर 23 रन की पार्टनरशिप की।
लॉर्ड्स टेस्ट में मिली 22 रन की हार ने भारतीय टीम और फैंस को निराश कर दिया। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने मंगलवार(15 जुलाई) को सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया। सिराज ने लिखा, “कुछ मैच उनके नतीजों के लिए नहीं, बल्कि उनमें मिली सीख के लिए हमेशा याद रहते हैं।”
सिराज ने 30 गेंदों पर बनाए 4 रन, पर नहीं बचा सके टीम को हार से
लॉर्ड्स में हुए तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत के सामने 193 रन का टारगेट दिया। 112 रन के स्कोर पर भारतीय टीम 8 विकेट खो चुकी थी। रविन्द्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह ने 132 गेंद पर 35 रन की पार्टनरशिप की। बुमराह के आउट होने के बाद सिराज मैदान पर आए। भारत की जीत मुश्किल में नजर आ रही थी, तब सिराज ने जडेजा के साथ मिलकर 10वें विकेट के लिए 23 रन की पार्टनरशिप की। लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
75वें ओवर में शोएब बशीर की बॉल पर सिराज ने अपना विकेट गंवा दिया। बदकिस्मती से गेंद बल्ले से टकराकर स्टंप पर लग गई। सिराज ने 30 गेंद पर 4 रन बनाए। जडेजा क्रीज पर लगभग साढ़े चार घंटे तक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 61 रन बनाए।
गेंदबाजी से चमके सिराज
तीसरे टेस्ट में मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की। पहली पारी में उन्होंने 85 रन देकर 2 विकेट झटके। दूसरी पारी में 13 ओवर में सिर्फ 31 रन देकर 4 विकेट लिए।
सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे
भारत को 22 रन से हराने के बाद इंग्लैंड पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे हो गई है। पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। बर्मिंघम में खेले दूसरे टेस्ट में भारत ने 336 रन से जीत हासिल की।
चौथा मुकाबला 23 जुलाई को मैनचेस्टर में
चौथा मैच मैनचेस्टर में 23 जुलाई से शुरू होगा। भारत ने मैनचेस्टर में आज तक कोई भी टेस्ट नहीं जीता है। इस मैदान पर टीम इंडिया ने 9 टेस्ट खेले, जिनमें 4 हारे और 5 मैच ड्रॉ हुए। भारतीय टीम ने इस मैदान पर आखिरी टेस्ट अगस्त 2014 में खेला था। तब महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम को पारी और 54 रन से हार मिली थी।

