भारत में पहली बार एशियन सीनियर फेंसिंग चैंपियनशिप: 19 से 24 जून तक दिल्ली में टूर्नामेंट, 24 भारतीय खिलाड़ियों की टीम उतरेगी
Published: Updated:
2 min read

भवानी देवी भारत की पहली फेंसिंग खिलाड़ी और ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली भारतीय एथलीट हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत के लिए एक अच्छी खबर है। पहली बार देश एशियन सीनियर फेंसिंग (तलवारबाजी) चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है। इसे फेंसिंग का एशिया कप भी कहा जाता है। ये बड़ा टूर्नामेंट 19 से 24 जून तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। इस टूर्नामेंट में एशिया और ओशिनिया के टॉप खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस टूर्नामेंट के जरिए टीमों के पास एशियन गेम्स और 2028 ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई करने का मौका होता है।
39वीं मीटिंग भी पहली बार भारत में होगी
इसके साथ ही फेंसिंग कन्फेडरेशन ऑफ एशिया की 39वीं मीटिंग भी पहली बार भारत में होगी, जिसमें कई देशों के अधिकारी आएंगे। फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) के महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि ये भारत के लिए बहुत बड़ा मौका है और इससे देश में तलवारबाजी को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस बार AI वीडियो सिस्टम भी इस्तेमाल होगा, जिससे रेफरी को फैसले और सही तरीके से लेने में मदद मिलेगी।
इस इवेंट में दुनिया के बड़े खिलाड़ी भी खेलेंगे, जैसे हांगकांग के चेउंग का लॉन्ग, साउथ कोरिया के ओह संग-उक और जापान के यामादा मसारू। भारत की तरफ से 24 खिलाड़ियों की टीम उतरेगी, जिसमें ओलंपियन भवानी देवी सबसे बड़ा नाम हैं। उनके साथ करन सिंह, तनिष्का खत्री और गीशो निधि भी खेलेंगे।

12 इवेंट होंगे
इस तलवारबाजी मुकाबले में पॉइंट्स इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से मिलते हैं। इसमें फॉइल (Foil), एपी/ईपी (Epee) और साबर (Sabre) जैसी कैटेगरी होती हैं। चैम्पियनशिप में12 इवेंट होंगे।

