FIFA World Cup 2026 : भारत में ब्रॉडकास्टिंग राइट्स ZEE Media को मिलने की संभावना,11 जून को पहला मैच; इस बार 48 टीमें और 104 मैच खेले जाएंगे
Published:
2 min read

फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत गुरुवार,11 जून से होने जा रही है।इस टूर्नामेंट का पहला मैच मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. कुछ महीनों की खींचतान के बाद अब भारत में FIFA World Cup 2026 की ब्रॉडकास्टिंग का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।। रिपोर्ट्स के मुताबिक- करीब 30 से 35 मिलियन डॉलर की डील फाइनल हुई है। यह राइट्स ZEE Media को मिल सकते हैं, हालांकि अभी ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुआ है। अगले हफ्ते तक इसके क्लियर होने की उम्मीद है।
फीफा वर्ल्ड कप में 48 टीमें हिस्सा लेंगी
इस बार का फीफा वर्ल्ड कप पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और खास होने वाला है। टूर्नामेंट की मेजबानी अमेरिका,कनाडा और मेक्सिको मिलकर करेंगे। सबसे बड़ा बदलाव ये है कि इस बार 32 नहीं बल्कि 48 टीमें हिस्सा लेंगी। इसी वजह से मैचों की संख्या भी 64 से बढ़कर 104 हो जाएगी।

इंडिया में बढ़ा फुटबॉल का क्रेज
फुटबॉल का क्रेज भारत में तेजी से बढ़ रहा है। खासकर कोलकाता, कोच्चि बेंगलुरु और गोवा जैसे शहरों में लोग फुटबॉल को बेहद पसंद करते हैं। वहीं युवाओं में यूरोपियन फुटबॉल लीग्स का क्रेज भी लगातार बढ़ रहा है। लोग अब इंग्लिश प्रीमियर लीग और ला लीगा के बड़े खिलाड़ियों को फॉलो करते हैं। फीफा भारत को एक बड़े मार्केट के तौर पर देख रहा है। वजह साफ है... यहां फुटबॉल देखने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक- फीफा एशियाई देशों में अपने ब्रॉडकास्टिंग मॉडल में बदलाव कर रहा है। चीन को इस बार पहले के मुकाबले काफी कम कीमत में अधिकार मिले हैं, जबकि यूरोप अब भी टीवी राइट्स के मामले में सबसे बड़ा बाजार बना हुआ है।भारत में भले ही नेशनल टीम का प्रदर्शन कमजोर हो, लेकिन इंटरनेशनल फुटबॉल को लेकर लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। यही कारण है कि प्रीमियर लीग और ला लीगा जैसी बड़ी लीग्स भी इंडियन ऑडियंस पर खास ध्यान दे रही हैं।

पहला मैच मेक्सिको और साउथ अफ्रीका का होगा
फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत गुरुवार,11 जून 2026 से होने जा रही है। इस टूर्नामेंट का पहला मैच मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा।यह मुकाबला मेक्सिको सिटी के मशहूर एजटेका स्टेडियम में होगा, जो दुनिया के सबसे आइकॉनिक फुटबॉल स्टेडियम में से एक माना जाता है।

