2026 में फिर इंग्लैंड जाएगी टीम इंडिया : पांच T20I और तीन ODI होंगे, वुमन टीम का भी शेड्यूल जारी; T20I विमेंस वर्ल्ड कप इंग्लैंड में होगा
Published:
2 min read

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 24 जुलाई को ऐलान किया कि भारतीय क्रिकेट टीम जुलाई 2026 में इंग्लैंड का दौरा करेगी। इस दौरे में भारत पांच टी20 और तीन ODI मैच खेलेगा। यह सीरीज इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज के बाद खेली जाएगी।
इसकी शुरुआत 1 जुलाई 2026 को डरहम के रिवरसाइड ग्राउंड में पहले टी20 मैच से होगी। इसके बाद चार मैच मैनचेस्टर, नॉटिंघम, ब्रिस्टल और साउथेम्पटन में खेले जाएंगे।
टी20 सीरीज के बाद तीन मैचों की ODI सीरीज होगी। ODI मुकाबले बर्मिंघम, कार्डिफ और आखिरी ODI 19 जुलाई को लॉर्ड्स मैदान में खेला जाएगा।
इंग्लैंड टीम के होम मैच शेड्यूल 2026
न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज: 4–29 जून (लॉर्ड्स, ओवल, ट्रेंट ब्रिज)।
भारत T20I और ODI: 1–19 जुलाई।
पाकिस्तान टेस्ट सीरीज: 19 अगस्त–13 सितंबर।
श्रीलंका T20I और ODI: 15–27 सितंबर।

इंडियन विमेंस टीम भी जुलाई 2026 में इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां वह तीन टी20 और एक टेस्ट मैच खेलेगी। यह सीरीज विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के तौर पर होगी। एकमात्र टेस्ट 5 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। खास बात यह है कि लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर यह पहला विमेंस टेस्ट मैच होगा।

इंग्लैंड बोर्ड को इंतजार
ECB के अफसर रिचर्ड गूल्ड ने कहा- गर्मियों की सबसे बड़ी खासियत होगी ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप। ये 2009 के बाद पहली बार इंग्लैंड में हो रहा है। यह नेट स्किवर-ब्रंट और उनकी टीम के लिए बड़ा मौका है और अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी इससे मोटिवेशन मिलेगा।
ECB को उम्मीद है कि फैंस बेन स्टोक्स और हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम के मैच देखने के लिए भी आएंगे। इसके अलावा अलग-अलग टीमों के मैचों से पूरे सीजन में जबरदस्त क्रिकेट और भरपूर रोमांच देखने को मिलेगा।
भारत सीरीज में पीछे
भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से पीछे है। इंग्लैंड ने पहला टेस्ट 5 विकेट से और तीसरा 22 रन से जीता, जबकि भारत ने दूसरा टेस्ट 336 रन से अपने नाम किया। फिलहाल चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 31 जुलाई से खेला जाएगा।

