डिफरेंट टीम & डिफरेंट रूल्स: आकाश चोपड़ा बोले- 2023 में तो इंग्लिश कोच और यही क्यूरेटर पिच पर खड़े थे, तब उन्हें क्यों नहीं रोका गया
Published: Updated:
3 min read

ओवल स्टेडियम में टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर और क्यूरेटर के बीच बहस हुई। इंडिया-इंग्लैंड के बीच सीरीज का आखिरी टेस्ट 31 जुलाई से इसी मैदान पर होगा। (PTI)
भारत-इंग्लैंड के बीच तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी का पांचवा और आखिरी टेस्ट 31 जुलाई से खेला जाएगा। इसके पहले 29 जुलाई को टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और पिच क्यूरेटर ली फोर्टिस के बीच बहस हो गई। मुद्दा ये था कि क्यूरेटर ने गंभीर के सामने टीम इंडिया के प्लेयर्स से यह कह दिया कि वो पिच से 2.5 मीटर दूर रहें। गंभीर ने इस पर क्यूरेटर को फटकार दिया।
30 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुआ। 2023 की एशेज सीरीज के इस फोटो में इंग्लैंड के कोच ब्रेंडन मैकुलम और यही क्यूरेटर ठीक उसी पिच पर खड़े नजर आ रहे हैं, जिस पर अगले दिन टेस्ट शुरू होना था।
टीम इंडिया के पूर्व ओपनर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने इस फोटो के साथ सवाल किया। कहा- क्या इंग्लैंड और दूसरी टीम के लिए यहां रूल्स अलग-अलग हैं?
चलिए पहले विवाद जान लेते हैं
29 जुलाई को टीम इंडिया ओवल में प्रैक्टिस कर रही थी। यह सेशन अलग विकेट पर चल रहा था। सेशन के बाद प्लेयर्स और कोचिंग स्टाफ उस पिच को देखने पहुंचा, जिस पर टेस्ट मैच खेला जाना है। यहां मौजूद क्यूरेटर ने इंडियन प्लेयर्स से कहा कि वो पिच को 2.5 मीटर दूर से देखें। इस पर गंभीर नाराज हो गए।
हेड कोच ने क्यूरेटर से कहा- आप कौन होते हैं, हमें यह नसीहत देने वाले? आप सिर्फ ग्राउंड्समैन हैं और वही रहिए। इस पर क्यूरेटर ने कहा कि वो इसकी शिकायत ICC से करेंगे। जवाब में गंभीर ने कहा- जाइए, जहां शिकयत करनी है, कर दीजिए।
बैटिंग कोच ने बीच-बचाव किया
इस तल्ख बहस को टीम इंडिया के बैटिंग कोच शितांशु कोटक ने शांत कराया। बाद में कोटक ने कहा- हम सिर्फ विकेट देखना चाहते थे। क्यूरेटर कह रहे थे कि आप पिच से 2.5 मीटर दूर रहो। ये कैसे मुमकिन है? सभी प्लेयर्स और कोचिंग स्टाफ पैरों में ‘जॉगर्स’ पहने था। किसी के पैरों में स्पाइक्स नहीं थे, जिनसे पिच खराब हो जाए। मैंने अपनी लाइफ में ऐसा पहले कभी नहीं देखा। मैं हैरान था।
अब 2023 के इस वायरल फोटो का सच भी जानना जरूरी
यह मामला जैसे ही सामने आया, वैसे ही सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने 2023 एशेज सीरीज का एक फोटो शेयर किया। इसमें ओवल की इसी पिच पर इंग्लैंड टीम के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम और यही क्यूरेटर ली फोर्टिस पिच पर खड़े नजर आ रहे हैं। जाहिर है, 2.5 मीटर दूरी वाले रूल्स को फॉलो नहीं किया गया।
इस फोटो को शेयर करते हुए आकाश चोपड़ा ने X पोस्ट किया। कहा- डिफरेंट टीम्स के लिए डिफरेंट रूल्स? ये दोगुलापन क्यों? आखिर ये चल क्या रहा है?

और...अंत भला सो सब भला...
बहरहाल, अब ये विवाद शांत होता नजर आ रहा है। टीम इंडिया, गौतम गंभीर और शितांशु कोटक की तरफ से क्यूरेटर के खिलाफ कोई ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज नहीं कराई गई है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भी मामले को ठंडा करने की नीयत से चुप्पी साध ली। BCCI ने भी इस मामले को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया।

