टीम इंडिया नहीं जाएगी बांग्लादेश: रिपोर्ट- 13 सितंबर को एक ही दिन दो देशों से मैच, बांग्लादेश सीरीज कैंसिल होना तय
Published: Updated:
2 min read

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपनी सरकार से भी भारत से सीरीज कराने के लिए गुहार लगाई थी। हालांकि, अब तक उसे नाकामी ही हाथ लगती नजर आती है। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के सितंबर में होने वाले बांग्लादेश टूर पर संकट मंडरा रहा है। वजह है भारत का डबल बुकिंग शेड्यूल। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के बीच अफगानिस्तान के साथ नई T20I सीरीज जोड़ दी गई है। सबसे बड़ी दिक्कत तो 13 सितंबर को लेकर है। दरअसल, इस दिन भारत को बांग्लादेश के खिलाफ (प्रस्तावित) तीसरा और आखिरी T20I खेलना है। इसी दिन नई दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ पहला T20I भी रखा गया है।
जाहिर है एक ही दिन भारत को 2 अलग देशों के खिलाफ 2 अलग जगह पर मैच खेलना है और एक टीम एक ही दिन 2 जगह नहीं खेल सकती। इसी वजह से बांग्लादेश टूर का मौजूदा शेड्यूल अब मुश्किल में आ गया है।

क्या है पूरा शेड्यूल?
भारत और बांग्लादेश के बीच 3 ODI 1, 3 और 6 सितंबर को खेले जाने हैं। इसके बाद 3 T20I 9, 12 और 13 सितंबर को होने हैं। वहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ 3 T20I 13, 16 और 19 सितंबर को नई दिल्ली में खेले जाने हैं।
पहले भी पोस्टपोन हो चुका है टूर
भारत का बांग्लादेश टूर पहले 2025 में होना था। बाद में इसे पोस्टपोन कर सितंबर 2026 के लिए री-शेड्यूल किया गया था। अब फिर से शेड्यूल में टकराव हो गया है। हालांकि, अभी तक BCCI या BCB ने सीरीज कैंसिल होने को लेकर कोई ऑफिशियल जॉइंट स्टेटमेंट जारी नहीं किया है।
ऐसे में अब नजर दोनों बोर्ड के फैसले पर है। सीरीज कैंसिल होती है या फिर नई डेट पर पोस्टपोन की जाती है, इसका ऑफिशियल ऐलान अभी बाकी है।

