भारत vs ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टेस्ट: इतिहास का दूसरा सबसे छोटा मुकाबला, 886 बाॅल में ही आ गया नतीजा; 7 विकेट से जीती भारतीय टीम
Published:
3 min read

U-19 टेस्ट मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराया।
स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेले गए अंडर-19 टेस्ट मैच में क्रिकेट इतिहास का नया रिकॉर्ड बन गया। ये मैच सबसे कम बाॅल (886) में खत्म होने वाला सबसे छोटा यूथ टेस्ट बन गया। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराकर ये ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस मैच में कुल 33 विकेट गिरे। औसतन हर 4.5 ओवर में एक विकेट गिरा। मैच दो दिन से भी कम समय में खत्म हो गया।
ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 135 पर ऑलआउट
ऑस्ट्रेलियाई U19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। यह फैसला गलत साबित हुआ। सिर्फ 10 ओवर में उनकी आधी टीम पवेलियन लौट गई। विकेटकीपर एलेक्स ली यंग ने 66 रनों की पारी खेलकर टीम को 100 के पार पहुंचाया। पूरी टीम महज 135 रन बना सकी। भारत की ओर से हेनिल और खिलन पटेल ने 3-3 विकेट लिए।
भारतीय टीम को मिली 36 रन की लीड
भारतीय टीम भी पहली पारी में कुछ खास नहीं कर सकी। कप्तान आयुष म्हात्रे और बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी दोनों फ्लॉप रहे। भारत के 5 बल्लेबाजों ने 20-20 से ज्यादा रन बनाए, लेकिन कोई भी 30 के पार नहीं पहुंचा। 23 एक्स्ट्रा रनों की मदद से भारत ने 36 रन की बढ़त ले ली। ऑस्ट्रेलिया के केसी बार्टन ने 4 विकेट लिए।

ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी भी लड़खड़ाई
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी की शुरुआत और भी खराब रही। टीम ने बिना कोई रन बनाए 2 विकेट गंवा दिए। कुछ ही देर में स्कोर 29/5 हो गया। एक बार फिर एलेक्स ली यंग ने पारी संभाली। उन्होंने 38 रन बनाए लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिला। टीम सिर्फ 116 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से इस बार हेनिल ने फिर से 3 विकेट और नमन पुष्पक ने भी 3 विकेट लिए।
इंडिया को मिला 81 रन का टारगेट
भारत को जीत के लिए सिर्फ 81 रन बनाने थे। वैभव सूर्यवंशी को इस बार ओपनिंग के लिए भेजा गया, लेकिन वे पहले ही गेंद पर आउट हो गए। कप्तान आयुष म्हात्रे ने तेज बल्लेबाजी की और 6 गेंद में 13 रन बनाए। इसके बाद विहान मल्होत्रा (21 रन), वेदांत त्रिवेदी (33 रन) और राहुल कुमार (13 रन) ने भी तेजी से रन बनाना जारी रखा। हालांकि नियमित अंतराल में विकेट भी गिरते रहे। भारत ने 12.2 ओवर में यह जीत हासिल कर ली।
इतिहास रचने वाला टेस्ट मैच
भारत की अंडर-19 और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 मैच 886 गेंदों (147.4 ओवर) में खत्म हो गया। इससे पहले सबसे छोटा यूथ टेस्ट पाकिस्तान बनाम वेस्ट इंडीज (1995) था, जो 992 गेंदों में खत्म हुआ था। मुकाबले में 33 विकेट गिरे। हर विकेट औसत 15.33 रन और 4.5 ओवर में गिरा।

