आकाश दीप की शादी 24 जून को: वाराणसी में अक्षिता संग सात फेरे लेंगे; टीम इंडिया के लिए अब तक 10 टेस्ट खेले
Published:
3 min read

आकाश दीप ने बिहार खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को अपनी शादी के लिए इन्वाइट किया है। (फोटो सोर्स;सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी शादी 24 जून को वाराणसी में होगी। आकाश की होने वाली पत्नी अक्षिता बिहार के शहर डेहरी-ऑन-सोन के मानिकपुर गांव की रहने वाली हैं। शादी की सभी रस्मों का भी पूरा कार्यक्रम तय है। 21 जून को तिलक होगा, 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म होगी। शादी के कई बड़े कार्यक्रम आकाश के पैतृक गांव बड्डी में भी होंगे।
श्रेयसी सिंह को भी इन्विटेशन दिया
आकाश की फैमिली ने कन्फर्म किया है कि शादी वाराणसी में ही होगी, क्योंकि आकाश दीप भगवान शिव के भक्त हैं और अक्सर काशी विश्वनाथ मंदिर जाते रहते हैं।
इस शादी में खेल और राजनीति की कई बड़ी हस्तियां भी पहुंच सकती हैं। आकाश ने बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को भी शादी का इन्विटेशन दिया है।

बचपन में पिता का निधन हो गया
क्रिकेट जर्नी की बात करें तो आकाश दीप का रास्ता आसान नहीं रहा है। उन्होंने बहुत छोटी उम्र में अपने पिता और भाई को खो दिया था। इन सब मुश्किलों के बाद वे अपनी बहन के साथ दिल्ली चले गए और वहीं से क्रिकेट खेलना शुरू किया।
इसके बाद उन्होंने बंगाल में क्लब क्रिकेट खेला और धीरे-धीरे घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पर बैन की वजह से उन्हें अपना राज्य छोड़कर बंगाल जाना पड़ा। वहां उन्होंने आसनसोल में रहकर अपने खेल को आगे बढ़ाया। शुरुआत में एक दोस्त की मदद से वे बंगाल पहुंचे और यूनाइटेड क्लब से जुड़े। उनके अच्छे प्रदर्शन की वजह से उन्हें बंगाल अंडर-23 टीम में मौका मिला और फिर उनका कॅरियर आगे बढ़ता चला गया।
KKR ने 1 करोड़ रुपये में खरीदा था
IPL में भी आकाश दीप अलग-अलग टीमों का हिस्सा रहे हैं। 2026 सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 1 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन चोट की वजह से वे इस सीजन में नहीं खेल पाए। इससे पहले वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेल चुके हैं।
आकाश दीप ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट से किया था। यह मुकाबला 23 फरवरी 2024 को रांची स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया था।

एजबेस्टन टेस्ट यादगर था
इंग्लैंड के खिलाफ 2025 में खेले गए एजबेस्टन टेस्ट में आकाश दीप ने शानदार प्रदर्शन करते किया था। इस मुकाबले में उन्होंने 10 विकेट अपने नाम किए। साथ ही 94 गेंदों में 66 रन की पारी खेली थी। इस प्रदर्शन के साथ वे एक ही टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने और फिफ्टी लगाने वाले दुनिया के 12वें खिलाड़ी बन गए।
आकाश दीप ने अपनी इस खास उपलब्धि को अपनी बहन ज्योति को समर्पित किया, जो उस समय तीसरे स्टेज के कैंसर से जूझ रही थीं। उन्होंने कहा था कि वह अपनी बहन की खुशी के लिए मैदान पर अपना बेस्ट देने की कोशिश करते हैं।


