पाकिस्तान मैच का बायकॉट करे भारत: पूर्व क्रिकेटर केदार जाधव बोले- यह मैच होना ही नहीं चाहिए; भज्जी ने भी यही मांग की थी
Published:
3 min read

केदार जाधव ने भारत के लिए 82 इंटरनेशनल मैच खेले है। (फोटो फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 9 सितंबर से UAE (दुबई) में शुरू होने वाला है। भारत-पाकिस्तान का मुकाबला 14 सितंबर को होना है। इस बीच, पूर्व क्रिकेटर केदार जाधव ने कहा है कि टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ मैच नहीं खेलना चाहिए। जाधव ने कहा- मुझे पूरा यकीन है कि यह मुकाबला नहीं होगा इसके पहले हरभजन सिंह और कुछ प्लेयर्स भी पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बायकॉट की मांग कर चुके हैं।
पाकिस्तान से मैच नहीं खेलना चाहिए
जाधव ने ANI को दिए इंटरव्यू में कहा- मुझे लगता कि इंडिया टीम को पाकिस्तान से मैच नहीं खेलना चाहिए। मैं यह भी मानता हूं कि यह मैच नहीं होगा। हालांकि, किसी भी वेन्यू पर मैच होगा तो जीत भारतीय टीम की ही होगी। मुझे पूरा भरोसा है कि यह मैच नहीं होगा।
जाधव का बयान ऐसे समय आया है, जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच टेंशन बढ़ गई। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे।
भज्जी की BCCI से मांग
केदार जाधव के अलावा पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने पिछले दिनों BCCI से कहा था- भारत पाकिस्तान मैच नहीं होना चाहिए। पाकिस्तान से किसी भी तरह के क्रिकेटिंग रिलेशन नहीं रखने चाहिए। हालांकि, पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने बीच का रास्ता अपनाया। कहा - मैच अपनी जगह है और देश अपनी जगह। अगर केंद्र सरकार परमिशन देती है तो भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होना चाहिए।
WCL में पाकिस्तान के खिलाफ मैच नहीं हो सका था
22 अप्रैल को पहलगाम हमला हुआ था। जवाब में भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। काफी दिनों तक दोनों देश के बीच तनाव था। पिछले दिनों इंग्लैंड में वर्ल्ड चैंपियनशिप लीजेंड (WCL) में पाकिस्तान के खिलाफ मैच होना था। हरभजन सिंह, सुरेश रैना , युवराज सिंह और बाकी प्लेयर्स ने खेलने इनकार कर दिया था। इसके बाद यह मैच रद्द कर दिया गया था। ऑर्गनाइजर्स ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करके भारत के लोगों और खासकर क्रिकेट फैंस से माफी भी मांगी थी।
2012-13 से कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं
भारत और पाकिस्तान के बीच 2012-13 के बाद से कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं हुई। दोनों टीमें सिर्फ ICC और ACC टूर्नामेंट्स में आमने-सामने आती हैं। भारत पहले ही क्लीयर कर चुका है कि उसकी टीम पाकिस्तान जाकर नहीं खेलेगी। इसलिए एशिया कप को (UAE) कराने का फैसला लिया गया।

