टीम इंडिया का बांग्लादेश दौरा मुमकिन: BCB ने मीडिया राइट्स के लिए टेंडर जारी किए; सितंबर में 3 ODI और 3 T20 की सीरीज संभव
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क.भारत और बांग्लादेश के बीच व्हाइट-बॉल सीरीज सितंबर में खेली जा सकती है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने इस सीरीज के टीवी और डिजिटल मीडिया राइट्स के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि सितंबर 2026 में टीम इंडिया का बांग्लादेश दौरा हो सकता है।
एक साल बाद फिर उम्मीद
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक ऑफिशियली सीरीज को लेकर न इनकार किया है और न इकरार। लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की नई पहल से सीरीज होने के चांसेज पुख्ता नजर आने लगे हैं।
बात में दम क्यों
दरअसल, BCB ने 2026 और 2027 में घरेलू इंटरनेशनल मुकाबलों के टीवी और डिजिटल मीडिया राइट्स बेचने के लिए कंपनियों से ऑफर मांगे हैं। इस टेंडर में सबसे ऊपर भारत के बांग्लादेश दौरे का जिक्र किया गया है। इसके तहत भारत की टीम 3 वनडे और 3 T20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। इसके मायने ही ये हुए कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पहले भारत से बात की होगी और इसके बाद ही टेंडर प्रोसेस शुरू किया।

2025 में बांग्लादेश दौरा होना था
पहले यह सीरीज अगस्त 2025 में होने वाली थी। हालांकि भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों में तनाव की वजह से इसे टाल दिया गया। इसके बाद बांग्लादेश में सरकार और क्रिकेट बोर्ड दोनों में बदलाव हुए। अब नए हालात में इस सीरीज के फिर से होने की संभावना दिखाई दे रही है।

अभी कंफर्म नहीं हुई सीरीज
हालांकि BCCI और BCB की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया है। लेकिन हाल ही में BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था- भारतीय बोर्ड का किसी देश की सरकार या क्रिकेट बोर्ड से कोई लेना-देना नहीं है। भारत सरकार की सलाह के मुताबिक ही कोई फैसला लिया जाएगा।
सीरीज होने की संभावना इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि हाल ही में BCCI ने अगस्त में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) की ओर से मांगे गए तीन T20 मैच खेलने से इनकार कर दिया था। माना जा रहा है कि वही समय अब बांग्लादेश दौरे के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

BCB के टेंडर में 4 होम सीरीज
BCB के टेंडर में 2026 और 2027 की चार होम इंटरनेशनल सीरीज शामिल हैं। इनमें सबसे पहले भारत का दौरा है, जिसमें 3 वनडे और 3 T20 मुकाबले होंगे। इसके बाद 2026 में वेस्टइंडीज की टीम दो टेस्ट मैच खेलने बांग्लादेश जाएगी। 2027 में इंग्लैंड की टीम दो टेस्ट मैच खेलेगी, जबकि उसी साल पाकिस्तान की टीम पांच वनडे मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगी।
टेंडर के मुताबिक- टीवी ब्रॉडकास्टर्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म और मार्केटिंग एजेंसियां 2 जुलाई 2026 से BCB कार्यालय से जरूरी डॉक्यूमेंट हासिल कर सकती हैं। BCB ने कहा है कि कंपनियों को तय नियमों के मुताबिक ऑफर सबमिट करना होगा। सबमिशन की लास्ट डेट 22 जुलाई 2026 है।

