हॉकी वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया घोषित: 19 अगस्त को पाकिस्तान से मुकाबला; भारतीय टीम एक ही बार खिताब जीत सकी
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित कर दी गई है। टीम की कमान डिफेंडर और ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह के हाथों में होगी, जबकि अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ी के तौर पर अहम भूमिका निभाएंगे। हॉकी वर्ल्ड कप 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।
इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को पूल-डी में इंग्लैंड, वेल्स और पाकिस्तान के साथ रखा गया है। इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 19 अगस्त को होगा।
टीम सिलेक्शन में नाम नहीं देखा गया
कोच क्रेग फुल्टन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- टीम सिलेक्शन में सिर्फ नाम नहीं देखा गया, बल्कि खिलाड़ियों का मौजूदा प्रदर्शन और टीम की जरूरत पर फोकस किया गया। उनके मुताबिक, जिसने अच्छा खेल दिखाया, उसी को मौका मिला। टीम का फोकस सिर्फ सभी मैच जीतने पर है और खिलाड़ी उसी सोच के साथ तैयारी कर रहे हैं।
हालांकि टीम में कुछ बड़े फैसले भी लिए गए हैं। FIH प्रो लीग खेलने वाली टीम के चार खिलाड़ी- अमनदीप लाकड़ा, राज कुमार पाल, रबीचंद्र सिंह मोइरांगथेम और सेल्वम कार्थी इस बार वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं बना सके।
टीम इंडिया 7 मैच हार गई थी
पिछले महीने FIH प्रो लीग में टीम इंडिया का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। टीम 9 में से 8वें नंबर पर रही थी। भारतीय टीम ने इस दौरान 4 मैच जीते और 7 हारे थे। पांच मैच ड्रॉ रहे थे।

हॉकी इंडिया एक बार वर्ल्ड कप जीत सकी
भारतीय टीम ने 1975 में मलेशिया के कुआलालंपुर में पहली बार हॉकी वर्ल्ड कप जीता था। टीम अब तक यही एक खिताब जीत सकी है। उससे पहले 1973 में टीम ने सिल्वर और 1971 में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। 2023 के वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अपने घर में खेलते हुए भी 9वें नंबर पर रही थी।
इस बार टीम इंडिया को पूल-डी में इंग्लैंड, वेल्स और पाकिस्तान के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मैच 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान से मुकाबला होगा। कोच क्रेग फुल्टन का मानना है कि 1975 की जीत के 50 साल पूरे होने पर मौजूदा टीम के पास भी इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।
वर्ल्ड कप के लिए भारतीय हॉकी टीम
गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा
डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय राणा, सुमित वाल्मीकि और यशदीप सिवाच।
मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, राजिंदर सिंह और आदित्य अर्जुन लालागे।
फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, अभिषेक नैन, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और शिलानंद लकरा।

