वैभव की इंडिया-ए टीम में एंट्री: तिलक को कप्तानी, रियान उपकप्तान; श्रीलंका में ODI ट्राई सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम घोषित
Published: Updated:
2 min read

15 साल के वैभव सूर्यवंशी इस समय IPL में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेल रहे हैं। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अगले महीने श्रीलंका दौरे पर होने वाली ODI ट्राई सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम घोषित कर दी है। इसमें 15 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी को जगह मिली है। साथ ही तिलक वर्मा को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया।
13 दिन में फाइनल समेत 7 मैच
इस ट्राई सीरीज में इंडिया और श्रीलंका के अलावा तीसरी अफगानिस्तान की ए टीम होगी। सीरीज का पहला मुकाबला 9 जून को इंडिया-श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। जबकि फाइनल 21 जून को होगा।

ट्राई सीरीज के तहत 13 दिन में तीनों टीम के बीच फाइनल समेत 7 मुकाबले होंगे। यह सीरीज ODI फॉर्मेट में खेली जाएगी। इसमें सीनियर प्लेयर कोई नहीं है। बतौर विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को शामिल किया गया है।

ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम:
तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान।
बाद में टेस्ट सीरीज भी होगी
इस ट्राई सीरीज के बाद इंडिया-ए टीम को श्रीलंका-ए टीम के खिलाफ उसी के घर में 2 टेस्ट की सीरीज भी खेलनी है। इसके लिए इंडिया-ए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी। इस ट्राई सीरीज के सभी मैच दाम्बुला में खेले जाएंगे। जबकि दोनों टेस्ट गॉल में होंगे।

