इंडिया-ए ने 10 बॉल में 4 विकेट लेकर मैच पलटा: श्रीलंका-ए टीम को 8 रन से हराया, ऋतुराज की सेंचुरी; अरशद के 2 विकेट खास
Published: Updated:
2 min read

ऋतुराज गायकवाड़ ने 114 बॉल पर 101 रन की शतकीय पारी खेली। इस दौरान 3 सिक्स और 6 चौके लगाए। (@SLC)
स्पोर्ट्स डेस्क. तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया-ए टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर ट्राई सीरीज खेल रही है। इसका पहला ही मैच श्रीलंका-ए टीम के खिलाफ हुआ, जिसमें इंडिया-ए टीम ने रोमांचक अंदाज में 8 रन से जीत दर्ज की। एक समय यह मैच श्रीलंका के फेवर में जाता दिख रहा था, लेकिन भारतीय बॉलर्स ने 10 बॉल (48वां और 49वां ओवर) में 4 विकेेट लेकर सारा गेम पलट दिया। 49वें ओवर में अरशद खान के 2 विकेट भी बेहद खास रहे। मैच में ऋतुराज गायकवाड़ ने सेंचुरी लगाई।
मैच में तिलक वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। इसके बाद भारतीय टीम ने 6 विकेट पर 277 रन बनाए। ऋतुराज ने 114 बॉल पर 101 रन की शतकीय पारी खेली। इस दौरान 3 सिक्स और 6 चौके लगाए। कप्तान तिलक ने 97 बॉल पर 60 रन बनाए। श्रीलंका के लिए मोहम्मद शिराज ने 2 विकेट लिए।
एक समय श्रीलंका जीतती दिख रही थी
278 रन के टारगेट के जवाब में श्रीलंका-ए टीम 47 ओवर में 6 विकेट पर 261 रन बना लिए थे। यहां से टीम को जीत के लिए 18 बॉल पर सिर्फ 17 रन चाहिए थे और 4 विकेट बाकी थे। साहन अराच्चिगे 74 रन पर खेल रहे थे। ऐसे में यहां से श्रीलंका टीम की जीत आसान दिख रही थी।
हालांकि अगले ही ओवर में सारा मामला पलट गया। 48वें ओवर की दूसरी बॉल पर अंशुल कम्बोज ने साहन को बोल्ड कर पवेलियन भेजा। इस ओवर में 1 विकेट लेकर 7 रन दिए। 49वां ओर अरशद खान ने किया। इस ओवर की शुरुआती 5 बॉल पर आखिरी 3 विकेट भी गिर गए। इसमें एक रनआउट था। 2 विकेट अरशद को मिले, जो मैच विनिंग रहे।
10 बॉल में 4 विकेट से पूरा मैच पलटा
इस तरह 48वें ओवर की दूसरी बॉल से 49वें ओवर की 5वीं बॉल तक यानी कुल 10 बॉल में इंडिया-ए टीम ने पूरा मैच पलट दिया। इन 10 बॉल में 4 विकेट गिरे। इस तरह श्रीलंका की ए टीम 269 रन पर ही ऑलआउट हो गई और 8 रन से मैच गंवा दिया।
अब अफगानिस्तान से मुकाबला
इस ट्राई सीरीज में इंडिया-ए और श्रीलंका-ए टीम के अलावा अफगानिस्तान की भी ए टीम है। भारतीय टीम को अब अपना दूसरा मैच अफगानिस्तान के खिलाफ ही खेलना है। यह मुकाबला 11 जून को दाम्बुला में होगा। इस सीरीज के सभी मैच यहीं होंगे।

