IND W vs PAK मुकाबला आज: एशिया कप में टीम इंडिया का दबदबा, 17 में 14 मैच जीते; हारते ही पाकिस्तान पर सेमीफाइनल का संकट
Published: Updated:
4 min read

इंडिया Vs पाकिस्तान वुमन्स : दोनों टीम के बीच अब तक 17 टी20 मैच हुए, जिसमें से भारतीय टीम ने 14 जीते हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स एशिया कप 2026 में शनिवार (5 सिंतबर ) को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में अब तक जीत के साथ शुरुआत की है, ऐसे में यह मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।
एशिया कप में भारत का पाकिस्तान पर दबदबा साफ नजर आता है। दोनों टीमों के बीच इस टूर्नामेंट में अब तक 17 मुकाबले हुए हैं, जिसमें भारत ने 14 और पाकिस्तान ने सिर्फ 3 मैच जीता है। पाकिस्तान ने 2022 में पहली बार भारत को एशिया कप में हराया था।
पाकिस्तान के सामने मंधाना
भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत इस समय उसकी ओपनिंग जोड़ी है। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा टीम को तेज शुरुआत देने में माहिर हैं। मंधाना ने पिछले मुकाबले में हांगकांग के खिलाफ सिर्फ 64 बॉल पर 124 रन की पारी खेली। इस पारी के साथ वह वुमन इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी बन गईं।

पाकिस्तान को मुनिबा से बड़ी उम्मीद
पाकिस्तान की ओपनर और विकेटकीपर बल्लेबाज मुनिबा अली ने थाईलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। मुनिबा ने मुकाबले से पहले कहा कि दबाव के बीच टीम का विश्वास बनाए रखना भारत के खिलाफ बेहद जरूरी होगा। पाकिस्तान की बल्लेबाजी हाल के T20I मैच में संघर्ष करती रही है, लेकिन थाईलैंड के खिलाफ टीम ने शुरुआती विकेट से उबरकर अच्छा स्कोर बनाया।
गेंदबाजी में नशरा संधू और टुबा हसन पर भी काफी जिम्मेदारी होगी। नशरा ने थाईलैंड के खिलाफ 4 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर अच्छी गेंदबाजी की थी।
दीप्ति शर्मा भी फैक्टर
भारत के लिए ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा भी पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा अंतर पैदा कर सकती हैं। बर्मिंघम में हुए पिछले मुकाबले (T20 वर्ल्ड कप) में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 5 विकेट लिए थे। एशिया कप में भी दीप्ति अच्छी लय में हैं। थाईलैंड और हांगकांग के खिलाफ शुरुआती 2 मुकाबलों में वह 6 विकेट ले चुकी हैं।
वेदर रिपोर्ट
आज (5 सितंबर) को दुबई में मौसम साफ और गर्म रहने का अनुमान है। दिन के समय तापमान करीब 42°C तक पहुंच सकता है, जबकि रात में तापमान करीब 34°C रहने की संभावना है। तापमान दिन में करीब 47°C तक महसूस हो सकता है। बारिश की संभावना बेहद कम है। बारिश की संभावना सिर्फ 1% और आंधी-तूफान की पॉसिबिलिटी 0% बताई गई है। आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, इसलिए मौसम के कारण मैच में किसी बड़ी रुकावट की उम्मीद नहीं है।

इंडिया Vs पाकिस्तान वुमन्स हेड-टू-हेड
दोनों टीम के बीच अब तक 17 टी20 मैच हुए, जिसमें से भारतीय टीम ने 14 जीते हैं। पाकिस्तान टीम सिर्फ 3 ही मैच जीत सकी। दोनों टीम के बीच हुए पिछले 10 टी20 में से इंडिया ने 9 मुकाबले जीते हैं। पाकिस्तान टीम सिर्फ एक ही मैच जीत सकी। टी20 एशिया कप में दोनों टीम के बीच अब तक 7 ही मैच हुए हैं, जिसमें से पाकिस्तान को सिर्फ एक ही मुकाबले में जीत नसीब हुई है। भारतीय टीम ने 6 मैच जीते हैं।
सेमीफाइनल की राह
भारतीय टीम पहले ही अपने दोनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी है। अब पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। अगर पाकिस्तान टीम भारतीय टीम को हरा देती है, तो उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की राह काफी आसान हो जाएगी। लेकिन अगर पाकिस्तान को भारत के खिलाफ हार मिलती है, तो उसे अपना अगला मुकाबला हांगकांग (चीन) के खिलाफ हर हाल में जीतना होगा। तभी उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बनी रहेगी।
यानी पाकिस्तान के लिए भारत के खिलाफ होने वाला यह मुकाबला सेमीफाइनल की रेस के लिहाज से भी बेहद जरूरी है।

