IND W Vs ENG WOMEN ODI: लगातार दूसरी बार इंग्लैंड में सीरीज जीती; मेजबान टीम को 13 रन से हराया, हरमनप्रीत की सेंचुरी, क्रांति को 6 विकेट
Published:
3 min read

सितंबर 2025 में विमेंस वर्ल्ड कप 2025 खेला जाएगा और इसको होस्ट इंडिया करेगा। ( फाइल फोटो )
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को तीसरे ODI में 13 रन से हराकर सीरीज 2-1 से जीत ली। इस जीत के साथ भारत इंग्लैंड में लगातार दो बार ODI सीरीज जीतने वाली दूसरी टीम बन गई है। इससे पहले भारत ने T20 सीरीज भी 3-2 से अपने नाम की थी। इस मैच में हरमनप्रीत कौर ने 102 रन बनाए।
जेमिमा की हाफ सेंचुरी
हरमनप्रीत ने 84 गेंद पर 102 रन की पारी खेली। उन्होंने 14 चौके लगाए। इसके अलावा मिडिल ऑर्डर में जेमिमा रोड्रिग्ज ने 45 गेंद में 50 रन बनाए। आखिरी ओवर्स में ऋचा घोष ने 18 गेंद पर 38 नॉटआउट की पारी खेली। इसके चलते भारत ने चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 318 रन बनाए।
जवाब में इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने भी 105 गेंद पर 98 रन की पारी खेली। एम्मा लैम्ब ने भी 81 बॉल पर 68 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। इंग्लैंड 49.5 ओवर में 305 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
क्रांति ने 6 विकेट लिए
टीम इंडिया की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने 9.5 ओवर में 52 रन देकर 6 विकेट लिए। क्रांति ने इंग्लैंड के दोनों ओपनर्स जल्दी पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इसी के साथ भारत की तरफ से एक ODI मैच में 6 विकेट लेने वाली चौथी विमेंस प्लेयर बन गईं। क्रांति के अलावा श्री चरणी ने 2 और दीप्ति शर्मा ने एक विकेट लिया।
इंग्लैंड में लगातार दूसरी बार जीती ODI सीरीज
इस जीत के साथ भारत इंग्लैंड में लगातार दूसरी बार ODI सीरीज जीतने वाली दूसरी टीम बन गई है। इससे पहले, 2022 में इंग्लैंड दौरे पर भारत ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। अब तक सिर्फ ऑस्ट्रेलिया ने ही इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दो ODI सीरीज जीती हैं।
हरमनप्रीत अब मिताली की बराबरी पर
अपनी पारी के दौरान हरमनप्रीत ने इंग्लैंड में ODI क्रिकेट में 1000 रन भी पूरे कर लिए। यह कामयाबी हासिल करने वाली वो दूसरी भारतीय बैटर हैं। इसके पहले मिताली राज भी यही रिकॉर्ड बना चुकी हैं। 36 साल की हरमनप्रीत ने इंग्लैंड में यह उपलब्धि 30वें ODI में हासिल की। उनके नाम तीन सेंचुरी और पांच फिफ्टी हैं। मिताली राज ने इंडिया के लिए इंग्लैंड में 41 ODI में 1555 रन बनाए हैं।
इसी के साथ हरमनप्रीत ने ODI करियर में 4000 रन भी पूरे कर लिए और वे मिताली राज (7805) और स्मृति मंधाना (4588) के बाद यह कामयाबी हासिल करने वाली तीसरी भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं।
भारत का शेड्यूल
अब भारतीय टीम सितंबर में एक्शन में दिखेगी। तब विमेंस टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की डोमेस्टिक ODI सीरीज खेलेगी। इसके बाद भारत में ही महिला ODI वर्ल्ड कप होगा।

