वेस्टइंडीज को 140 रन और पारी से हराया: पहले टेस्ट में राहुल-जुरेल और जडेजा के शतक; 23 साल में भारत से सीरीज नहीं जीत सकी कैरेबियन टीम
Published: Updated:
4 min read

सीरीज के पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को हराया। (फोटो क्रेडिट:@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला टीम इंडिया ने पारी और 140 रन से जीत लिया है। यह मुकाबला अहमदाबाद में 2 अक्टूबर से खेला गया था। इस मैच में भारतीय टीम के लिए पहली पारी में 3 शतक लगे थे। यह तीनों सेंचुरी केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा ने लगाईं।
इस रिजल्ट के बाद यह साफ हो गया है कि टीम इंडिया अब यह सीरीज हार नहीं सकेगी। वेस्टइंडीज के पास आखिरी यानी दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज 1-1 से बराबरी करने का मौका रहेगा।
पहले दिन वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 162 रन बनाए थे। दूसरे दिन खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 448 रन बनाए और पारी घोषित कर दी। पहली पारी में टीम इंडिया को 286 रन की लीड मिली। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 146 रन पर सिमट गई।
कैरेबियन टीम के लिए दूसरी पारी में एलिक एथेनेज ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। जस्टिन ग्रीव्स ने 25 और जेडन सील्स ने 22 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज को 3, कुलदीप यादव को 2 और वॉशिंगटन सुंदर को 1 विकेट मिला।
वेस्टइंडीज ने 23 साल से टेस्ट सीरीज नहीं जीती
इस तरह वेस्टइंडीज टीम का भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने का सपना एक बार फिर अधूरा ही रहेगा। 23 साल से टीम इंडिया के खिलाफ वेस्टइंडीज कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। कैरेबियन टीम को आखिरी बार अप्रैल 2002 में जीत मिली थी।
इसके बाद से भारतीय टीम ने उसके खिलाफ लगातार 9 टेस्ट सीरीज जीत ली हैं। दोनों टीमों के बीच इससे पहले टेस्ट सीरीज जुलाई 2023 में हुई थी। वेस्टइंडीज दौरे पर जाकर भारतीय टीम ने 2 टेस्ट की सीरीज 1-0 से जीती थी। अब टीम इंडिया ने 2 टेस्ट की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
206 रन की पार्टनरशिप
दूसरे दिन 3 भारतीय प्लेयर्स केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा ने शतक लगाए। जुरेल 125, राहुल ने 110 और जडेजा ने नाबाद 104 रन बनाए। जुरेल और जडेजा के बीच 206 रन की पार्टनरशिप हुई। इनके अलावा कप्तान शुभमन गिल ने 50, साई सुदर्शन ने 6 और यशस्वी जायसवाल ने 36 रन बनाए।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया के पिछले 5 टेस्ट (भारत में)
कोलकाता टेस्ट, 2013: पारी और 51 रनों से जीते
मुंबई टेस्ट, 2013: पारी और 126 रनों से जीते
राजकोट टेस्ट, 2018: पारी और 272 रनों से हराया
हैदराबाद टेस्ट, 2018: 10 विकेट से जीते
अहमदाबाद टेस्ट, 2025: पारी और 140 रनों से हराया
- यह पांचों टेस्ट मैच तीन दिन में खत्म हुए।
पहली पारी में 162 रन
वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 162 रन पर ऑलआउट हुई थी। टीम के लिए सबसे ज्यादा 32 रन जस्टिन ग्रीव्स ने बनाए थे। जबकि भारतीय गेंदबाजी में पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने 4 और जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए थे।
यह इंडिया-वेस्टइंडीज के बीच 101वां टेस्ट रहा। दोनों टीमों के बीच पहली टेस्ट सीरीज 1948 के आखिर में खेली गई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद से वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के बीच 25 बाइलेटरल सीरीज हो चुकी हैं। इसमें भारतीय टीम ने 11 टेस्ट रबर (सीरीज) में जीत दर्ज की है, जबकि 12 में उसे हार मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ हुईं। यह 26वीं सीरीज खेली जा रही है।
इंडिया Vs वेस्टइंडीज : टेस्ट मैचों में हेड-टू-हेड
कुल टेस्ट: 101
भारत जीता: 24
वेस्टइंडीज जीता: 30
ड्रॉ: 47
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन
रॉस्टन चेज (कप्तान), तेजनारायण चंद्रपॉल, ब्रैंडन किंग, शाई होप, जॉन कैम्पबेल, एलिक एथेनेज, जस्टिन ग्रीव्स, जेडन सील्स, योहान लेन, खैरी पीयर और जोमेल वारिकन।

