इंडिया Vs वेस्टइंडीज दूसरा टेस्ट: पहले दिन भारतीय टीम का स्कोर 318/2, यशस्वी 173 बनाकर नाबाद लौटे, सुदर्शन शतक से चूके
Published: Updated:
4 min read

यशस्वी जायसवाल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन शतक लगाया। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट मैच की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला किया। इसके बाद टीम ने पहले दिन खेल खत्म होने तक 2 विकेट गंवाकर 318 रन बनाए।
पहले दिन यशस्वी जायसवाल का बल्ला जमकर चला। उन्होंने 253 बॉल पर 173 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान 22 चौके लगाए। यशस्वी के साथ कप्तान शुभमन गिल 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इस मैच के लिए टीम इंडिया में कोई बदलाव नहीं किया गया। दूसरी तरफ विंडीज ने दो चेंज किए। किंग और लाएने को बाहर किया गया। उनकी जगह एमलेक और एंडरसन फिलिप को शामिल किया गया।
यशस्वी-सुदर्शन के बीच 193 रन की पार्टनरशिप
टीम इंडिया का पहला विकेट 58 रन पर ही गिर गया था। केएल राहुल 38 रन बनाकर स्पिनर जॉमेल वेरिकन की बॉल पर स्टम्प आउट हुए। इसके बाद यशस्वी ने साई सुदर्शन के साथ मिलकर टीम को संभाला। दोनों के बीच 193 रन की पार्टनरशिप हुई।
यशस्वी ने कॅरियर का 7वां शतक जड़ा, जबकि साई सुदर्शन 87 रन बनाकर LBW आउट हुए। यह दूसरा विकेट 251 रन पर गिरा था। यह विकेट भी स्पिनर जॉमेल वेरिकन ने लिया।
काली पट्टी बांधकर उतरी वेस्टइंडीज टीम
वेस्टइंडीज के खिलाड़ी इस मैच के पहले दिन काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे थे। उन्होंने बर्नार्ड जूलियन की याद में ऐसा किया, जिनका निधन 4 अक्टूबर को त्रिनिदाद एंड टोबैगो के वाल्सेन में हुआ। जूलियन 75 साल के थे। उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए 24 टेस्ट और 12 वनडे खेले थे।
फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर बर्नार्ड ने टेस्ट में 866 रन बनाए और 50 विकेट भी लिए थे। बर्नार्ड 1975 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली विंडीज की टीम का भी हिस्सा रहे थे। यह पहला वनडे वर्ल्ड कप था।
चौथी बार वेस्टइंडीज को क्लीन स्वीप करने का मौका
यह मैच जीतकर टीम इंडिया के पास सीरीज में क्लीन स्वीप का मौका है। उसने पहले मैच में वेस्टइंडीज को हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है।
यदि टीम इंडिया दूसरा टेस्ट भी जीतती है तो वेस्टइंडीज के खिलाफ यह उसका चौथा क्लीन स्वीप होगा। इससे पहले 2013, 2018 और 2019 में क्लीन स्वीप किया था। यह तीनों सीरीज 2 टेस्ट की ही रही थी। दो मैच से ज्यादा की टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज को कभी क्लीन स्वीप नहीं किया है।
दोनों टीम के बीच 26वीं सीरीज खेली जा रही
यह इंडिया-वेस्टइंडीज के बीच 102वां टेस्ट मैच होगा। दोनों टीमों के बीच पहली टेस्ट सीरीज 1948 के आखिर में खेली गई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद से वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के बीच 25 बाइलेटरल सीरीज हो चुकी हैं। इसमें भारतीय टीम ने 11 टेस्ट रबर (सीरीज) में जीत दर्ज की है, जबकि 12 में उसे हार मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ हुईं। यह 26वीं सीरीज खेली जा रही है।
इंडिया Vs वेस्टइंडीज : टेस्ट मैचों में हेड-टू-हेड
कुल टेस्ट: 101
भारत जीता: 24
वेस्टइंडीज जीता: 30
ड्रॉ: 47
वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया के पिछले 5 टेस्ट (भारत में)
कोलकाता टेस्ट, 2013: पारी और 51 रनों से जीते
मुंबई टेस्ट, 2013: पारी और 126 रनों से जीते
राजकोट टेस्ट, 2018: पारी और 272 रनों से हराया
हैदराबाद टेस्ट, 2018: 10 विकेट से जीते
अहमदाबाद टेस्ट, 2025: पारी और 140 रनों से हराया
- यह पांचों टेस्ट मैच तीन दिन में खत्म हुए।
इस मैदान पर अब तक 37 टेस्ट हुए
अरुण जेटली स्टेडियम में अब तक कुल 37 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इस दौरान यहां 6 बार पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 14 मुकाबले जीते हैं।
इस मैदान पर पहली पारी में एवरेज स्कोर 340, दूसरी पारी में 315, तीसरी पारी में 233 और चौथी पारी में 163 रन है। इस मैदान पर हाइएस्ट स्कोर 8 विकेट पर 644 रन है। यह वेस्टइंडीज टीम ने ही इंडिया के खिलाफ बनाया था। यहां लोएस्ट स्कोर 75 रन है, जो कैरेबियन टीम के खिलाफ इंडिया ने बनाया था।
टीम इंडिया : प्लेइंग XI
यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, नितिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
वेस्ट इंडीज : प्लेइंग XI
तेगनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्पबेल, एलिक अथांजे, साई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज (कप्तान), तेविन एमलेक, जस्टिन ग्रीव्स, कैरी पियरे, जॉमेल वेरिकन, एंडरसन फिलिप और जायडेन सील्स।

