IND Vs WI 2nd टेस्ट, चौथा दिन खत्म: वेस्टइंडीज ने दिया 121 का टारगेट, चेज करते हुए इंडिया 63/1; राहुल-सुदर्शन नॉटआउट
Published: Updated:
4 min read

दिल्ली टेस्ट की दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल 8 रन बनाकर कैच आउट हुए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का दूसरा मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। फॉलोऑन खेलकर कैरेबियन टीम ने भारत के सामने 121 रन का टारगेट सेट किया है।जवाब में चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 1 विकेट पर 63 रन बना लिए हैं। केएल राहुल (25) और साई सुदर्शन (30) नॉटआउट लौटे।
टारगेट चेज करते हुए टीम इंडिया ने 9 रन पर पहला विकेट गंवाया। यशस्वी जायसवाल 8 रन बनाकर कैच आउट हुए। यह विकेट स्पिनर जॉमेल वेरिकन ने लिया। यह मैच जीतकर टीम इंडिया सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर देगी। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने सीरीज का पहला टेस्ट पारी और 140 रन से जीता था।
मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 518 रन बनाकर पहली पारी डिक्लेयर की थी। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 248 रन पर ऑलआउट होकर फॉलोऑन खेलने को मजबूर हुई। इस तरह पहली पारी में भारतीय टीम ने 270 रनों की लीड बनाई थी।
जॉन कैम्पबेल और शाई होप ने शतक लगाए
इसके बाद दूसरी पारी में कैरेबियन टीम ने शानदार अंदाज में वापसी की और पारी से हार को टाल दिया। जॉन कैम्पबेल ने 115 और शाई होप ने 103 रन की शतकीय पारी खेलकर लीड उतारने में मदद की। हालांकि वेस्टइंडीज की टीम भारत को बड़ा टारगेट नहीं दे सकी।
फॉलोऑन खेलते समय वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में 390 रन बनाए। इस तरह पहली पारी की लीड उतारने के बाद टीम इंडिया को 121 रन का टारगेट मिला।
23 साल बाद भारत में शतक का रिकॉर्ड
कैम्पबेल 2002 के बाद भारत में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले कैरेबियन प्लेयर हैं। इससे पहले 2002 के कोलकाता टेस्ट में वावेल हिंड्स ने शतक लगाया था। ओवरऑल 2006 के बाद वेस्टइंडीज के किसी प्लेयर ने इंडिया के खिलाफ टेस्ट शतक लगाया है। 2006 के बासेटेयर टेस्ट में डेरेन गंगा ने शतक लगाया था।
कुलदीप-बुमराह ने 3-3 विकेट लिए
वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में कैम्पबेल और होप के अलावा जस्टिन ग्रीव्स ने 50 रन की नाबाद पारी खेली। कप्तान रोस्टन चेज ने 40 रन बनाए। आखिर में जायडेन सील्स ने 32 रन बनाए।
भारतीय टीम के लिए कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट लिए। जबकि मोहम्मद सिराज को 2 सफलताएं मिलीं। रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने 1-1 विकेट लिया।
वेस्टइंडीज के लिए 3 बड़ी पार्टनरशिप
फॉलोऑन मिलने के बाद दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के लिए 3 बड़ी पार्टनरशिप हुईं, जिसने टीम को मजबूती दी। सबसे पहले कैम्पबेल और होप के बीच तीसरे विकेट के लिए 177 रन की पार्टनरशिप हुई। फिर होप ने कप्तान रोस्टन चेज के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 59 रन जोड़े।
इसके बाद वेस्टइंडीज ने 311 रन पर 9 विकेट गंवा दिए थे। तब टीम को सिर्फ 41 रन की लीड थी। यहां से ग्रीव्स और सील्स के बीच 10वें विकेट के लिए 79 रन की पार्टनरशिप हुई। इस तरह वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में 390 रन बनाए और 121 रन का टारगेट सेट किया।
दोनों टीम के बीच 26वीं सीरीज खेली जा रही
यह इंडिया-वेस्टइंडीज के बीच 102वां टेस्ट मैच होगा। दोनों टीमों के बीच पहली टेस्ट सीरीज 1948 के आखिर में खेली गई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद से वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के बीच 25 बाइलेटरल सीरीज हो चुकी हैं। इसमें भारतीय टीम ने 11 टेस्ट रबर (सीरीज) में जीत दर्ज की है, जबकि 12 में उसे हार मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ हुईं। यह 26वीं सीरीज खेली जा रही है।
इंडिया Vs वेस्टइंडीज : टेस्ट मैचों में हेड-टू-हेड
कुल टेस्ट: 101
भारत जीता: 24
वेस्टइंडीज जीता: 30
ड्रॉ: 47
टीम इंडिया : प्लेइंग XI
यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, नितिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज : प्लेइंग XI
तेगनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्पबेल, एलिक अथांजे, साई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज (कप्तान), तेविन एमलेक, जस्टिन ग्रीव्स, कैरी पियरे, जॉमेल वेरिकन, एंडरसन फिलिप और जायडेन सील्स।

