IND vs WI फर्स्ट टेस्ट- दूसरा दिन: राहुल के बाद जुरेल और जडेजा की सेंचुरी, टीम इंडिया पहली पारी में 448/5; वेस्टइंडीज पर 286 रन की लीड
Published: Updated:
3 min read

ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा के बीच 206 रन की पार्टनरशिप हुई। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला अहमदाबाद में खेला जा रहा है। पहले दिन वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुे 162 रन बनाए थे। दूसरे दिन खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 448 रन बना दिए हैं। इस तरह पहली पारी में टीम इंडिया ने 286 रन की लीड बना ली है।
दूसरे दिन 3 भारतीय प्लेयर्स केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा ने शतक लगाए। जुरेल 125, राहुल ने 110 और जडेजा ने नाबाद 104 रन बनाए।
जुरेल और जडेजा के बीच 206 रन की पार्टनरशिप हुई। इनके अलावा कप्तान शुभमन गिल ने 50, साई सुदर्शन ने 6 और यशस्वी जायसवाल ने 36 रन बनाए। जडेजा के साथ वॉशिंगटन सुंदर 9 रन बनाकर नाबाद लौटे हैं। अब तीसरे दिन भारतीय टीम 448 रन से आगे खेलना शुरू करेगी। जडेजा और सुंदर की खेल की शुरुआत करेंगे।
सिराज ने 4 और बुमराह ने 3 विकेट लिए
वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 162 रन पर सिमट गई थी। टीम के लिए सबसे ज्यादा 32 रन जस्टिन ग्रीव्स ने बनाए थे। जबकि भारतीय गेंदबाजी में पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने 4 और जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए थे।
यह इंडिया-वेस्टइंडीज के बीच 101वां टेस्ट है। दोनों टीमों के बीच पहली टेस्ट सीरीज 1948 के आखिर में खेली गई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद से वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के बीच 25 बाइलेटरल सीरीज हो चुकी हैं। इसमें भारतीय टीम ने 11 टेस्ट रबर (सीरीज) में जीत दर्ज की है, जबकि 12 में उसे हार मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ हुईं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार 9 सीरीज जीतीं
23 साल से टीम इंडिया के खिलाफ वेस्टइंडीज कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। कैरेबियन टीम को आखिरी बार अप्रैल 2002 में जीत मिली थी। इसके बाद से भारतीय टीम ने उसके खिलाफ लगातार 9 टेस्ट सीरीज जीत ली हैं।
दोनों टीमों के बीच आखिरी टेस्ट सीरीज जुलाई 2023 में हुई थी। वेस्टइंडीज दौरे पर जाकर भारतीय टीम ने 2 टेस्ट की सीरीज 1-0 से जीती थी। इससे पहले 2019 में भी वेस्टइंडीज जाकर 2-0 से क्लीन स्वीप किया था।
इंडिया Vs वेस्टइंडीज : टेस्ट मैचों में हेड-टू-हेड
कुल टेस्ट: 100
भारत जीता: 23
वेस्टइंडीज जीता: 30
ड्रॉ: 47
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन
रॉस्टन चेज (कप्तान), तेजनारायण चंद्रपॉल, ब्रैंडन किंग, शाई होप, जॉन कैम्पबेल, एलिक एथेनेज, जस्टिन ग्रीव्स, जेडन सील्स, योहान लेन, खैरी पीयर और जोमेल वारिकन।

