शेफाली का ऑलराउंडर परफॉर्मेंस: दीप्ति के 5 विकेट; पांच पॉइंट्स में जानें वुमन्स वर्ल्ड कप फाइनल में इंडिया की जीत और टर्निंग पॉइंट्स
Published:
3 min read

दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में 215 रन बनाए और 22 विकेट भी लिए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय वुमन्स टीम ने इतिहास रच दिया है। टीम ने अपना पहला ODI वर्ल्ड कप खिताब जीत लिया है। वुमन् वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल रविवार (2 नवंबर) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में हुआ। मैच में इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर खिताब जीत लिया। ओपनर शेफाली वर्मा ने ऑलराउंडर परफॉर्मे किया। इसी के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में 215 रन बनाए और 22 विकेट भी लिए। फाइनल में दीप्ति ने 5 विकेट लिए। शेफाली ने 87 रन की पारी खेली। बॉलिंग में उन्होंने 2 विकेट भी लिए। आइए पांच पॉइंट्स में जानते हैं वुमन्स वर्ल्ड कप फाइनल में इंडिया की जीत और टर्निंग पॉइंट्स...
ओपनिंग में शानदार शुरुआत
हर टीम के लिए उसकी ओपनिंग जोड़ी बेहद खास होती है। जीत के लिए ओपनिंग में शानदार शुरुआत होना बेहद खास है। इस फाइनल में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम को ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने दमदार शुरुआत दी। दोनों के बीच 104 रनों की पार्टनरशिप हुई। मंधाना ने 45 और शेफाली ने 87 रन बनाए। इस शुरुआत के चलते ही टीम इंडिया ने 298 रन का स्कोर बनाया।
मिडिल ऑर्डर ने अपना काम किया
104 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप के बाद मिडिल ऑर्डर ने अपना काम अच्छे से किया। दीप्ति शर्मा ने 58 रनों की पारी खेली। जबकि जेमिमा रोड्रिग्स ने 24 और हरमनप्रीत कौर ने 20 रन बनाए। हालांकि टीम इंडिया 350 रन के करीब भी स्कोर बना सकती थी, लेकिन नवी मुंबई की पिच पर 298 का स्कोर भी फाइटिंग स्कोर था।
ऋचा घोष ने बेस्ट फिनिश किया
भारतीय टीम ने 43.1 ओवर में 245 रन पर 5वां विकेट गंवा दिया था। यहां से टीम मुश्किल में दिख रही थी, लेकिन 7वें नंबर पर बैटिंग करने उतरीं ऋचा घोष ने आक्रामक पारी खेली। उन्होंने 24 बॉल पर 34 रन बनाते हुए टीम को 298 के स्कोर तक पहुंचाया। ऋचा आउट हुईं तब 6 बॉल बाकी थी। यदि वे नाबाद रहतीं तो स्कोर 300 के पार भी जा सकता था।
शेफाली को बॉलिंग देना टर्निंग पॉइंट
कप्तान हरमनप्रीत ने 21वां ओवर शेफाली वर्मा को दिया। वे स्पिन बॉलिंग करती हैं। उन्होंने अपने पहले ओवर की दूसरी ही बॉल पर तीसरा विकेट दिला दिया। शेफाली ने अपनी ही बॉल पर सुने लूस (25 रन) को कैच आउट किया।
इसके बाद शेफाली ने अपने दूसरे ओवर की पहली बॉल पर विकेट लिया। यह अफ्रीका को चौथा झटका था, जिसके बाद टीम संभल नहीं सकी। शेफाली ने इस बार मारिजैन कप्प को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच आउट कराया।
दीप्ति के इस एक ओवर ने काम पूरा किया
साउथ अफ्रीका ने 41 ओवर में 6 विकेट पर 220 रन बना लिए थे। यहां से जीत के लिए 54 बॉल पर 79 रन चाहिए थे। अफ्रीकी कप्तान लाउरा वोलवार्ड 101 रन बनाकर खेल रही थीं। श्लोए ट्रायोन 9 रन बनाकर उनका साथ दे रही थीं। इसी बीच भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दीप्ति शर्मा को ओवर थमाया।
दीप्ति ने ओवर की पहली ही बॉल पर वोलवार्ड को पवेलियन भेजा। वे 98 बॉल पर 101 रन बनाकर अमनजोत कौर के हाथों कैच आउट हुईं। इसके बाद दीप्ति ने इसी ओवर की चौथी बॉल पर ट्रायोन (9 रन) को LBW आउट किया। यह दोनों विकेट बेहद खास रहे और यहीं से भारतीय टीम की जीत लगभग पक्की हो गई थी।

