इंडिया Vs साउथ अफ्रीका टेस्ट कल से: ऋषभ पंत की वापसी होगी, 3 स्पिनर के साथ उतर सकती है भारतीय टीम; जानिए कम्पलीट मैच प्रीव्यू
Published:
3 min read

कुछ महीने पहले इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के दौरान पंत को पैर की उंगली में फ्रैक्चर हुआ था। इस वजह से वे तीन महीने तक क्रिकेट से बाहर रहे। लंबे आराम के बाद उन्होंने वापसी की थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला कल (14 नवंबर) से खेला जाना है। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा। इस मैच के साथ विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत वापसी करते दिख सकते हैं। ध्रुव जुरेल भी शानदार फॉर्म के चलते प्लेइंग-11 में होंगे। टीम मैनेजमेंट ने यह पहले ही क्लियर कर दिया है।
भारतीय प्लेइंग-11 में तीन स्पिनर और 2 पेसर नजर आ सकते हैं। हालांकि इसको लेकर भी कन्फ्यूजन बना हुआ है, क्योंकि ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट से कुछ भी क्लियर नहीं हो पा रहा है।
पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल
दरअसल, ईडन गार्डन्स की पिच बैटिंग के लिए शानदार नजर आ रही है। टॉस हारने वाली टीम के लिए यह मैच काफी मुश्किल हो सकता है। यह पिच अभी ना तो सूखी दिख रही है और ना ही यहां दरारे हैं।
हांलाकि पिच पर थोड़ी घास है। यहां थोड़ी रिवर्स स्विंग भी देखने को मिल सकती है। मौसम एकदम साफ रहेगा। बारिश की आशंका बिल्कुल भी नहीं है।
टॉस का अजब संयोग
इस मैच से पहले ही टॉस को लेकर एक अजब संयोग बनता दिख रहा है। कप्तान संभालने के बाद शुभमन गिल ने अपने शुरुआती 7 टेस्ट में से एक ही बार टॉस जीता है।
जबकि भारतीय टीम के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने पिछले 7 टेस्ट में एक भी बार टॉस नहीं जीता। अब देखना होगा कि कौन अपना यह रिकॉर्ड तोड़ता है और टॉस का बॉस बनता है।
टेस्ट में दोनों टीमों का पलड़ा बराबर
ओवरऑल टेस्ट मुकाबलों में रिकॉर्ड की बात करें तो इसमें दोनों टीमों का पलड़ा बराबर ही नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक 44 टेस्ट हुए, जिसमें से इंडिया ने 16 और अफ्रीका ने 18 मैच जीते। भारत में आकर अफ्रीकी टीम कमजोर नजर आती है। उसने 19 में से 5 ही टेस्ट जीते हैं। 11 में इंडिया को जीत मिली।
इंडिया-अफ्रीका के बीच टेस्ट रिकॉर्ड
कुल टेस्ट: 44
इंडिया ने जीते: 16
अफ्रीका ने जीते: 18
ड्रॉ: 10
भारत में दोनों टीमों के बीच रिकॉर्ड
कुल टेस्ट: 19
इंडिया ने जीतीं: 11
अफ्रीका ने जीतीं: 5
ड्रॉ: 3
इंग्लैंड सीरीज में चोटिल हुए थे पंत
कुछ महीने पहले इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के दौरान पंत को पैर की उंगली में फ्रैक्चर हुआ था। इस वजह से वे तीन महीने तक क्रिकेट से बाहर रहे। लंबे आराम के बाद वे वापसी कर रहे हैं।
टेस्ट के लिए दोनों की संभावित प्लेइंग-11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
साउथ अफ्रीकी टीम: एडेन मार्करम, रेयान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स, टोनी डी जॉर्जी, टेम्बा बावुमा (कप्तान), काइल वेरिने (विकेटकीपर), सेनुरन मुथुसामी,साइमन हार्मर, मार्को जानसेन, केशव महाराज और कगिसो रबाडा।

