जुरेल नंबर 3 के लिए सुदर्शन से बेहतर: बैटिंग कोच कोटक ने कहा- गुजरात टाइटंस के इस बैटर में खामियां
Published: Updated:
3 min read

विकेटकीपर बैटर ध्रुव जुरेल (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शुरू होने वाला है। टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन एक पोजीशन को लेकर अब कन्फ्यूजन बढ़ गया है। वो है नंबर 3 की बैटिंग पोजिशन। विकेटकीपर बैटर ध्रुव जुरेल की बेहतरीन फॉर्म ने साई सुदर्शन की जगह को खतरे में डाल दिया है। सवाल ये है कि आखिर टीम इंडिया को पहले टेस्ट में नंबर 3 पर किसे लाना चाहिए?
व्हाइट जर्सी में जुरेल कमाल
जुरेल ने हाल के समय में रेड-बॉल में अच्छा परफॉर्मेंस किया है। उनका टेस्ट औसत करीब 48 का है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी पहली टेस्ट सेंचुरी भी लगाई थी। पिछले पांच फर्स्ट-क्लास मैचों में उन्होंने तीन शतक लगाए। इससे उनका एवरेज लगभग 58 पहुंच गया है।
जुरेल की खासियत उनका ठंडा दिमाग, सटीक तकनीक और दबाव में टिके रहना है। वो गेंद को लेट खेलते हैं और सही शॉट चुनने में माहिर हैं। ऐसे हालात में, जब टीम शुरुआती विकेट खो दे तो जुरेल जैसे बैटर बहुत काम आते हैं।
अफ्रीका की बाॅलिग अलग
अफ्रीका जैसी टीम के सामने रन बनाना आसान नहीं होता। क्योंकि उनकी बॉलिंग सटीक लाइन लेंथ पर होती है। जुरेल का स्वभाव और संयम उन्हें नंबर 3 जैसी अहम पोजीशन के लिए बेहतरीन विकल्प बनाता है। अगर टीम मैनेजमेंट उन्हें मौका देता है, तो वो इस पोजीशन पर जगह बना सकते हैं।
साई उम्मीद पर खरे नहीं उतरे
सुदर्शन को पिछले कुछ सीरीज से नंबर 3 पर तैयार किया जा रहा है। टीम मैनेजमेंट का मकसद है कि वो नंबर 3 लिए इस जगह को संभालें। हालांकि उन्होंने कुछ अच्छी पारियां खेली हैं, लेकिन अभी तक वो पूरी तरह इस पोजीशन पर जम नहीं पाए हैं।

सुदर्शन की कमजोरी
साई सुदर्शन को लेग-स्टंप लाइन और शॉर्ट बॉल्स पर थोड़ी परेशानी होती है। हालांकि भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक का कहना है कि सुदर्शन इन कमियों पर लगातार मेहनत कर रहे हैं। इसका मतलब है कि टीम मैनेजमेंट अभी भी उन पर भरोसा रखता है और चाहता है कि वो इस रोल में सफल हों।
नंबर 3 के लिए जुरेल सही
ध्रुव जुरेल के मौजूदा फॉर्म और विश्वास की बात करें, तो फिलहाल आगे नजर आते हैं। उनकी खेल पर पकड़ और मैच की कंडीशन को समझने का माइंड सेट उन्हें नंबर 3 पर एक उम्मीदवार बनाता है।
क्या साई को मिलेगी टीम में जगह
सुदर्शन में टैलेंट जरूर है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में नंबर 3 जैसी अहम पोजीशन के लिए एक्सपीरियंस और कंसिसटेन्सी की जरूरत होती है। जुरेल की मौजूदा फॉर्म देखकर लगता है कि उन्हें मौका देना समझदारी होगी। इसलिए ईडन गार्डन्स के पहले टेस्ट के लिए टीम इंडिया को जुरेल को नंबर 3 पर मौका देना चाहिए। हाल ही में इस विकेटकीपर साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ बैक टू बैक सेंचुरी लगाईं थीं।

