साउथ अफ्रीका के कोच का यू-टर्न: टीम इंडिया पर रेंगने वाला बयान दिया था, अब कहा- अब ऐसे शब्द नहीं बोलूंगा
Published: Updated:
2 min read

साउथ अफ्रीका के कोच शुक्री कॉनराड ने अपने बयान पर सफाई दी। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन ODI की सीरीज 2-1 से जीत ली है। इससे पहले टेस्ट सीरीज 2-0 से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा था। इस दौरान अफ्रीकी टीम के कोच शुक्री कॉनराड (Shukri Conrad) ने टीम इंडिया को लेकर ‘रेंगने’ वाला बयान दिया था, जिसके बाद वे विवादों में आए थे। कई पूर्व क्रिकेटर्स ने उनसे माफी मांगने की बात कही थी। ODI सीरीज हारने के बाद कोच ने इस मामले में बयान दिया है।
शुक्री कॉनराड ने विवादित बयान पर दी सफाई
कॉनराड ने कहा कि उन्होंने शायद गलत शब्द (गिड़गिड़ाना) यूज किया था, उन्हें इसकी जगह कोई दूसरा शब्द इस्तेमाल करना चाहिए था। उनका इरादा किसी को दुख पहुंचाना नहीं था। इस शब्द से लोग अलग-अलग मतलब निकाल सकते हैं। हम सिर्फ टीम इंडिया से ज्यादा देर फील्डिंग करवाना चाहते थे। अब से शब्दों का इस्तेमाल सोच-समझकर किया जाएगा।
साउथ अफ्रीका ने गुवाहाटी टेस्ट में भारत को 408 रन से हराया था।आखिर क्या है पूरा मामला
गुवाहाटी टेस्ट मैच के चौथे दिन साउथ अफ्रीका ने लंबे समय तक बल्लेबाजी की थी। साथ ही भारत को जीत के लिए 549 रनों का टारगेट दिया था। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 27 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। तब भारत के लिए जीत लगभग नामुमकिन सी हो गई थी। इसके बाद ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोच शुक्री कोनराड ने कहा था कि वे चाहते थे कि भारतीय टीम ‘घुटनों पर आ जाए’।
उन्होंने अपने बयान में ‘ग्रोवेल’ शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसका मतलब है जमीन पर मुंह के बल रेंगना। इसी बयान के बाद कोच कोनराड विवादों में आए थे। उनके बयान का मतलब यही था कि उनकी टीम भारत को घुटनों पर रेंगने को मजबूर कर दे।

