शुभमन गिल अगले टेस्ट से बाहर: रिपोर्ट्स- ऋषभ पंत कप्तानी संभालेंगे, गुवाहाटी टेस्ट में होंगे 2 बदलाव
Published: Updated:
3 min read

कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में शुभमन गिल को गर्दन में चोट लगी थी। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि एक दिन बाद ही गिल को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। चोट के कारण कप्तान शुभमन गिल दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। अब उनकी जगह ऋषभ पंत टीम की कमान संभालेंगे। साथ दूसरे टेस्ट में एक नहीं बल्कि दो बड़े बदलाव होना तय है। यह दावा इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में किया है।
प्लेइंग-11 में होंगे 2 बड़े बदलाव
सिलेक्शन कमेटी ने पहले ही गिल की जगह मीडियम पेस बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को स्क्वॉड में शामिल कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब उन्हें ही प्लेइंग-11 में भी मौका मिलना तय है। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल को भी बाहर बैठाया जाएगा। दूसरे बदलाव के तौर पर साई सुदर्शन की प्लेइंग-11 में एंट्री होगी।
नीतीश को पहले भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें इंडिया-ए से खेलने के लिए रिलीज कर दिया था। इस दौरान साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ पहले टेस्ट में नीतीश ने एक पारी में 37 रन बनाए और 1 विकेट लिया था। दूसरे मैच में उनकी बैटिंग-बॉलिंग ही नहीं आई। दोनों मैच राजकोट में हुए थे।
कोलकाता टेस्ट में चोटिल हुए थे गिल
सीरीज का पहला टेस्ट कोलकाता में खेला गया था, जिसमें इंडिया को 30 रन से हार झेलनी पड़ी। इसी मैच की पहली पारी में गिल को गर्दन में चोट लगी थी। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि एक दिन बाद ही गिल को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई थी।
दूसरा टेस्ट भारतीय टीम के लिए करो या मरो वाला है। यदि टीम इंडिया यह मैच जीतती है तो सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म होगी। साउथ अफ्रीका जीती तो 2-0 से क्लीन स्वीप करेगी। दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से खेला जाएगा। यह मुकाबला गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
गिल पहली पारी में 4 रन ही बना सके
गिल कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में बैटिंग के लिए आए थे, लेकिन 3 बॉल पर 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। तीसरी बॉल पर स्वीप शॉट खेलने के दौरान ही उन्हें गर्दन में दर्द हुआ। वे मैदान से बाहर गए और दोनों पारी में बैटिंग के लिए दोबारा नहीं आए।
गिल को रिटायर्ड आउट करार दिया गया। उनकी जगह रवींद्र जडेजा ने कप्तानी संभाली थी। बाद में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि गिल मैच से बाहर हो गए हैं।
गुवाहाटी टेस्ट में भारतीय संभावित प्लेइंग-11:
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत ( कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।

