शुभमन गिल हॉस्पिटल से डिस्चार्ज: दूसरे टेस्ट में खेलना मुश्किल, प्रैक्टिस भी नहीं करेंगे; जानिए कौन लेगा उनकी जगह
Published: Updated:
3 min read

कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में स्वीप शॉट खेलने के दौरान ही शुभमन गिल को गर्दन में दर्द हुआ। वे मैदान से बाहर गए और दोनों पारी में बैटिंग के लिए दोबारा नहीं आए। (@Starsports)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया। इसमें टीम इंडिया को 30 रन से हार झेलनी पड़ी। पहली पारी में भारतीय कप्तान शुभमन गिल को गर्दन में चोट लगी थी और वे मैच से बाहर हो गए थे। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था। अब गिल को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है।
Espncricinfo के मुताबिक, गिल दूसरे टेस्ट से बाहर हो सकते हैं। उनके खेलने की संभावना ना के बराबर है। वे प्रैक्टिस भी नहीं करेंगे। इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से खेला जाएगा। यह मुकाबला गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
गिल पहली पारी में 4 रन ही बना सके
गिल कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में बैटिंग के लिए आए थे, लेकिन 3 बॉल पर 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। तीसरी बॉल पर स्वीप शॉट खेलने के दौरान ही उन्हें गर्दन में दर्द हुआ। वे मैदान से बाहर गए और दोनों पारी में बैटिंग के लिए दोबारा नहीं आए।
गिल को रिटायर्ड आउट करार दिया गया। उनकी जगह रवींद्र जडेजा ने कप्तानी संभाली। बाद में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि गिल मैच से बाहर हो गए हैं।
गिल टीम के साथ गुवाहाटी नहीं जाएंगे
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम दूसरे टेस्ट के लिए बुधवार को गुवाहाटी के लिए रवाना होगी। गिल को उस दिन यात्रा करने के लिए मना किया गया है। ऐसे में वे टीम के साथ गुवाहाटी नहीं जाएंगे। भारतीय टीम मंगलवार (18 नवंबर) को कोलकाता में ही प्रैक्टिस करेगी, लेकिन गिल शामिल नहीं होंगे।
गिल की जगह किसे मिलेगा मौका?
यदि गिल दूसरे टेस्ट से बाहर होते हैं, तो उनकी जगह प्लेइंग-11 में साई सुदर्शन या देवदत्त पडिक्कल को मौका मिल सकता है। सुदर्शन ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट की दोनों पारियों में 87 और 39 रन की पारी खेली थी।
हालांकि सुदर्शन ने इंडिया ए के लिए खेलते हुए इसी महीने साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेली थी। इस दौरान वे फ्लॉप रहे। सुदर्शन का 4 पारियों में 32 रन ही टॉप स्कोर रहा। दूसरी ओर पडिक्कल ने इसी सीरीज की 3 पारियों में 10 का आंकड़ा भी नहीं छुआ था। एक पारी में उन्होंने 24 रन बनाए थे।
गुवाहाटी टेस्ट में भारतीय संभावित प्लेइंग-11:
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, शुभमन गिल/बी साई सुदर्शन/देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।

