गिल का सीरीज से बाहर होना तय: दूसरे टेस्ट के लिए नीतीश को बुलाया, साउथ अफ्रीका से करो या मरो का मैच
Published: Updated:
3 min read

शुभमन गिल कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में बैटिंग के लिए आए, लेकिन 3 बॉल पर 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए थे।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल का इस सीरीज से बाहर होना तय है। सिलेक्शन कमेटी ने मीडियम पेस बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को टीम से जुड़ने के लिए कहा है। माना जा रहा है कि दूसरे टेस्ट में गिल की जगह नीतीश को मौका दिया जा सकता है। TOI ने अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है।
नीतीश को पहले भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें इंडिया-ए से खेलने के लिए रिलीज कर दिया था। इस दौरान साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ पहले टेस्ट में नीतीश ने एक पारी में 37 रन बनाए और 1 विकेट लिया था। दूसरे मैच में उनकी बैटिंग-बॉलिंग ही नहीं आई। दोनों मैच राजकोट में हुए थे।
कोलकाता टेस्ट में चोटिल हुए थे गिल
सीरीज का पहला टेस्ट कोलकाता में खेला गया था, जिसमें इंडिया को 30 रन से हार झेलनी पड़ी। इसी मैच की पहली पारी में गिल को गर्दन में चोट लगी थी। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि अब गिल को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है, लेकिन दूसरे टेस्ट में उनका खेलना नामुमकिन सा लग रहा है।
दूसरा टेस्ट भारतीय टीम के लिए करो या मरो वाला है। यदि टीम इंडिया यह मैच जीतती है तो सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म होगी। साउथ अफ्रीका जीती तो 2-0 से क्लीन स्वीप करेगी।
इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से खेला जाएगा। यह मुकाबला गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा। Espncricinfo के मुताबिक, गिल दूसरे टेस्ट से बाहर हो सकते हैं। उनके खेलने की संभावना ना के बराबर है। वे प्रैक्टिस भी नहीं करेंगे।
गिल पहली पारी में 4 रन ही बना सके
गिल कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में बैटिंग के लिए आए थे, लेकिन 3 बॉल पर 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। तीसरी बॉल पर स्वीप शॉट खेलने के दौरान ही उन्हें गर्दन में दर्द हुआ। वे मैदान से बाहर गए और दोनों पारी में बैटिंग के लिए दोबारा नहीं आए।
गिल को रिटायर्ड आउट करार दिया गया। उनकी जगह रवींद्र जडेजा ने कप्तानी संभाली। बाद में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि गिल मैच से बाहर हो गए हैं।
गिल टीम के साथ गुवाहाटी नहीं जाएंगे
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम दूसरे टेस्ट के लिए बुधवार को गुवाहाटी के लिए रवाना होगी। गिल को उस दिन यात्रा करने के लिए मना किया गया है। ऐसे में वे टीम के साथ गुवाहाटी नहीं जाएंगे। भारतीय टीम मंगलवार (18 नवंबर) को कोलकाता में ही प्रैक्टिस करेगी, लेकिन गिल शामिल नहीं होंगे।
गुवाहाटी टेस्ट में भारतीय संभावित प्लेइंग-11:
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, शुभमन गिल/नीतीश रेड्डी/बी साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।

