टीम इंडिया 2-0 से सीरीज हारी: आखिरी टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने 408 रन से हराया, मेहमानों ने 25 साल बाद भारत में क्लीन स्वीप किया
Published: Updated:
3 min read

साउथ अफ्रीका ने भारत को दूसरे टेस्ट में 408 रन से हराकर 2 टेस्ट की सीरीज 2-0 से जीत ली है।
स्पोर्ट्स डेस्क. साउथ अफ्रीका ने भारत को दूसरे टेस्ट में 408 रन से हराकर 2 टेस्ट की सीरीज 2-0 से जीत ली है। खास बात यह है कि साउथ अफ्रीका ने भारत में 25 साल बाद क्लीन स्वीप किया है।
गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में मैच के पांचवे और आखिरी दिन टीम इंडिया 140 रन पर ऑलआउट हो गई। 549 रन टारगेट था। रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के साइमन हार्मर ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए।
549 रन के टारगेट के जवाब में भारतीय टीम की हालत खराब नजर आई। टीम ने 21 रन पर ही दो विकेट गंवा दिए। यशस्वी जायसवाल 13 और केएल राहुल 6 रन बनाकर आउट हुए। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 2 विकेट गंवाकर 27 रन बनाए थे।
अफ्रीका ने दिया 549 रन का टारगेट
मैच में अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए पहली पारी में 489 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 201 रन ही बना सकी। इस तरह पहली पारी में अफ्रीकी टीम को 288 रन की लीड मिली थी।
पहली पारी में अफ्रीकी टीम ने बनाए 489 रन
गुवाहाटी टेस्ट के दूसरे दिन साउथ अफ्रीका टीम ने पहली पारी में 489 रन बनाए। स्पिन ऑलराउंडर सेनुरन मुथुसामी 109 और मार्को यानसेन 93 रन की पारी खेली। दोनों के बीच 8वें विकेट के लिए 97 रन की पार्टनरशिप हुई। उनके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने 49, काइल वेरेन ने 45 और कप्तान टेम्बा बावुमा ने 41 रन बनाए।
भारतीय टीम के लिए कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए। जबकि जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को 2-2 विकेट मिले। नीतीश रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर को कोई विकेट नहीं मिला।
टीम इंडिया 201 रन पर ऑलआउट
भारतीय टीम पहली पारी में 201 रन ही बना सकी और फॉलोऑन नहीं बचा सकी। साउथ अफ्रीका को 288 रन की लीड मिली है। टीम इंडिया के लिए यशस्वी जायसवाल ने 58 और वॉशिंगटन सुंदर ने 48 रन की पारी खेली। केएल राहुल ने 22 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी 20 का आंकड़ा नहीं छू सका।
साउथ अफ्रीका के लिए तेज गेंदबाज मार्को यानसेन ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए। स्पिनर साइमन हार्मर को 3 और केशव महाराज को 1 विकेट मिला। साउथ अफ्रीका ने फॉलोऑन नहीं खिलाने का फैसला किया है। मेहमान टीम खुद दूसरी पारी में बैटिंग करने उतरेगी।
अफ्रीका की पारी घोषित, इंडिया को 549 रन का टारगेट
साउथ अफ्रीका ने चौथे दिन 5 विकेट पर 260 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित कर दी है। पहली पारी में टीम को 288 रन की लीड मिली थी। इस तरह भारतीय टीम को 549 रन का टारगेट मिला है। दूसरी पारी में अफ्रीकी टीम की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स ने सबसे ज्यादा 94 रन की पारी खेली।
टोनी डी जॉर्जी ने 49, रेयान रिकेल्टन ने 35, वियान मुल्डर ने 35 और एडेन मार्करम ने 29 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए स्पिनर रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। एक सफलता वॉशिंगटन सुंदर को मिली।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग-11
एडेन मार्करम, रेयान रिकेल्टन, टोनी डी जॉर्जी, टेम्बा बावुमा (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरेन (विकेटकीपर), मार्को यानसेन, साइमन हार्मर, केशव महाराज, सेनुरन मुथुसामी और वियान मुल्डर।
भारतीय प्लेइंग-11
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।

