28 साल के पंत ने धोनी की बराबरी की: भारतीय टेस्ट टीम के 38वें कप्तान बने, माही के बाद दूसरे विकेटकीपर कैप्टन
Published:
2 min read

शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत गुवाहाटी टेस्ट में भारतीय टीम की कमान संभाल रहे हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट में कप्तानी सौंपी गई है। शुभमन गिल चोट के कारण बाहर हैं। उनकी जगह पंत कमान संभाल रहे हैं। इसके साथ ही पंत भारतीय टेस्ट टीम के 38वें कप्तान बन गए हैं।
28 साल के ऋषभ पंत इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी के बाद टेस्ट टीम की कमान संभालने वाले दूसरे विकेटकीपर बने।
धोनी ने 60 टेस्ट में कप्तानी की थी
भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का आखिरी मुकाबला गुवाहाटी में 22 नवंबर से खेला जा रहा है। कप्तान शुभमन गिल चोट की वजह से मैच से बाहर हो गए। जिसके बाद टीम मैनेजमेंट ने पंत को कप्तानी दी।
यह मौका पंत के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि उनसे पहले सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी ही ऐसे विकेटकीपर थे जिन्होंने भारतीय टेस्ट टीम की कमान संभाली थी। पंत अपना 48वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं। धोनी ने 2008 से 2014 के बीच 60 टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी की थी।

पंत का कप्तानी पर बयान
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंत ने कहा- यह पल काफी गर्व का है, लेकिन यह कंडीशन उनके लिए नई हैं। एक मैच की कप्तानी करना इतनी खास बात नहीं है। फिर भी मैं बहुत गर्व महसूस कर रहा हूं कि BCCI ने मुझे यह मौका दिया।
जब भी आप अपनी नेशनल टीम की कप्तानी करते हैं, वह जिंदगी का सबसे बेहतरीन पल होता है। हालांकि मैं इसे लेकर ज्यादा सोच नहीं रहा हूं। हम जानते हैं कि हमारी टीम कैसे खेलती है और मैदान पर हमारा रवैया कैसा होना चाहिए। हम कोलकाता टेस्ट हार गए, लेकिन अब हमारा ध्यान गुवाहाटी टेस्ट जीतने पर है। ताकि सीरीज में बराबरी कर पाएंगे।

पंत पहले ही टेस्ट में टॉस हारे
बतौर कप्तान पंत अपने पहले ही टेस्ट में टॉस नहीं जीत सके। गुवाहाटी टेस्ट में साउथ अफ्रीका टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस मैच के लिए भारतीय प्लेइंग-11 में दो बदलाव हुए। शुभमन गिल की जगह साई सुदर्शन और अक्षर पटेल की जगह नीतीश कुमार रेड्डी को शामिल किया गया।

