मजाक बना रखा है: गुवाहाटी टेस्ट में ऋषभ पंत को कुलदीप यादव पर आया गुस्सा, VIDEO वायरल
Published:
2 min read

गुवाहाटी टेस्ट की पहली पारी में स्पिनर कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए। (@PTI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का आखिरी मैच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच में चोटिल शुभमन गिल की जगह ऋषभ पंत भारतीय टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए। इसी दौरान पंत को स्पिनर कुलदीप यादव पर कई बार गुस्सा आया।
इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मैदान पर पंत गुस्से में कुछ कहते हैं, जो स्टम्प माइक में रिकॉर्ड हो जाती है। पंत गुस्सा करते हुए कुलदीप से कहते हैं कि टेस्ट क्रिकेट को मजाक बना रखा है।
दूसरी पारी में पंत को 2 बार वॉर्निंग मिली
दरअसल, कुलदीप कई बार ओवर करने में देरी कर देते हैं। इसको लेकर कप्तान पंत को अंपायर ने दो बार वॉर्निंग भी दी। इसी से पंत को गुस्सा भी आया। वीडियो में पंत यही बात कहते सुने जा सकते हैं।
पंत को पहले दिन 88वें ओवर के दौरान अंपायर ने वॉर्निंग दी थी। नियम के अनुसार एक ओवर खत्म होने के बाद दूसरा ओवर 60 सेकंड के अंदर शुरू होना चाहिए। अंपायर अपने साथ क्लॉक रखते हैं।
मैदान पर पंत ने गुस्से में क्या कहा?
गुवाहाटी टेस्ट में पंत ने गुस्से में कहा- यार, 30 सेकंड का टाइमर है। घर पर खेल रहे हो क्या? एक बॉल डाल जल्दी।
कुलदीप ने जब देरी की तो पंत ने कहा- यार कुलदीप, दोनों बार वॉर्निंग ले ली। पूरा एक ओवर थोड़ी ना चाहिए। मजाक बना रखा है टेस्ट क्रिकेट को।
ICC स्टॉप-क्लॉक रूल क्या है?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इसी साल के शुरुआत में यह स्टॉप-क्लॉक रूल लागू किया था। इसके तहत एक ओवर खत्म होने के बाद एक मिनट के अंदर दूसरा ओवर शुरू होना चाहिए। 80 ओवर के अंदर 2 बार नियम का उल्लंघन होने पर फील्ड अंपायर द्वारा 2 बार वॉर्निंग दी जाएगी।
तीसरी बार गलती होती है तो उसके बाद जब भी नियम टूटेगा तब हर बार बैटिंग टीम को पेनल्टी के तौर पर 5 रन मिलेंगे। 80 ओवर के बाद नियम उल्लंघन की दोबारा काउंटिंग होगी। वनडे और टी20 में यह नियम जून 2024 से लागू है।

