ऋषभ पंत पर भारी पड़ेंगे तिलक!: गिल-अय्यर की जगह कौन लेगा, जानिए रांची वनडे के लिए पोसिबल प्लेइंग-11
Published:
3 min read

तिलक वर्मा ने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मैच विनिंग पारी खेली थी। उन्होंने नाबाद 69 रन बनाए थे।
स्पोर्ट्स डेस्क. टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप से हार के बाद भारतीय टीम अब अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज का आगाज करेगी। पहला मुकाबला कल (30 नवंबर) रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 1.30 बजे से शुरू होगा। चोट के कारण कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर सीरीज से बाहर हैं। ऐसे में उनकी जगह प्लेइंग-11 में किसे मिलेगी, यह देखने वाली बात होगी।
गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल को टीम की कप्तानी दी गई है। जबकि रोहित शर्मा और विराट कोहली की 35 दिन बाद टीम में वापसी हुई है। इन तीनों का खेलना तय है। जबकि गिल की जगह रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करते दिख सकते हैं।
तीन स्पिनर्स के साथ उतर सकती है इंडिया टीम
मिडिल ऑर्डर में अय्यर की जगह तिलक वर्मा और ऋषभ पंत में से किसी एक को मौका मिल सकता है। इसमें तिलक का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, क्योंकि टेस्ट सीरीज में पंत की फॉर्म बेहद खराब रही थी। उन्होंने 4 पारियों में सिर्फ 49 रन ही बनाए थे।
रांची की पिच स्लो और स्पिन फ्रेंडली होती है। ऐसे में प्लेइंग-11 में स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के साथ कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। दो तेज गेंदबाज हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह के साथ मीडियम पेस बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को भी जगह मिल सकती है।
रांची वनडे के लिए इंडिया की पोसिबल प्लेइंग-11
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा/ऋषभ पंत, विराट कोहली, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह।
कोलकाता टेस्ट में चोटिल हुए थे गिल
गिल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में गर्दन में चोट लगी थी। वे पहली पारी में बैटिंग के लिए आए थे, लेकिन 3 बॉल पर 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। तीसरी बॉल पर स्वीप शॉट खेलने के दौरान ही उन्हें गर्दन में दर्द हुआ।
गिल मैदान से बाहर गए और दोनों पारी में बैटिंग के लिए दोबारा नहीं आए। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि एक दिन बाद ही गिल को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई थी। फिलहाल, वे रिकवर कर रहे हैं।
कैच लेते समय लगी थी चोट
अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे में चोट लगी थी। 25 अक्टूबर को हुए इस मैच में उन्होंने पीछे की तरफ भागते हुए कैच पकड़ा था। इसी दौरान अय्यर बुरी तरह गिरे और उनकी पसलियों में गंभीर चोट आई। उनकी स्कैन और मेडिकल रिपोर्ट्स से इंटरनल ब्लीडिंग का पता लगा। उन्हें ICU में भर्ती करके तुरंत इलाज किया गया था।
अय्यर अपने घर लौट आए हैं, लेकिन डॉक्टर की निगरानी में इलाज चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अय्यर का एक और USG स्कैन होगा। इसके बाद ही वे रिहैब शुरू कर सकेंगे।
टीम इंडिया का वनडे स्क्वॉड
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और ध्रुव जुरेल।

