IND vs SA T20I सीरीज से अक्षर बाहर: शाहबाज अहमद को मौका, दो साल बाद इस लेफ्ट-आर्म स्पिन ऑलराउंडर की वापसी
Published:
2 min read

अक्षर पटेल बीमारी की वजह से IND vs SA T20 सीरीज के आखिरी दो मैचों से बाहर हो गए हैं। (फोटो क्रेडिट -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क: अक्षर पटेल सेहत खराब होने की वजह से साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी 2 टी-20 नहीं खेल पाएंगे। बीमारी की वजह से वह तीसरा T20I मैच भी नहीं खेल पाए थे। सिलेक्शन कमेटी ने अक्षर की जगह लेफ्ट-आर्म स्पिन ऑलराउंडर शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है। BCCI ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी।
हालांकि वह लखनऊ में खेले जाने वाले चौथे टी20 मैच के दौरान टीम के साथ रहेंगे। उनकी सेहत पर मेडिकल टीम निगरानी नजर रख रही है। हालांकि उनकी बीमारी की सटीक वजह को सार्वजनिक नहीं किया गया है। बोर्ड ने इसे सामान्य फ्लू बताया है।
शाहबाज की 2 साल बाद वापसी
2 साल बाद T20I टीम में लौटे शहबाज को BCCI ने अक्षर के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है। वह बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हैं। घरेलू क्रिकेट के साथ IPL में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने आखिरी बार 7 अक्टूबर 2023 को एशियन गेम्स में अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के लिए T20 मैच खेला था। अब तक भारत के लिए 3 ODI और 2 T20I मैच खेले हैं। शहबाज ने वनडे क्रिकेट में 3 और T20 में 2 विकेट लिए हैं।
अक्षर का इस सीरीज में प्रदर्शन
अक्षर ने इस सीरीज के पहले दो मैचों में अच्छा परफॉर्म किया। कटक में खेले गए पहले T20 मैच में उन्होंने किफायती बॉलिंग करते हुए सिर्फ 7 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने बैट से भी 23 रनों का योगदान दिया। चंडीगढ़ में खेले गए दूसरे T20 मैच में अक्षर ने 21 रन बनाए और एक विकेट भी लिया।
बुमराह की अवेलेबिलिटी पर सवाल
जसप्रीत बुमराह का भी आखिरी दो T20 खेलना तय नहीं है। पारिवारिक कारणों से वह तीसरे मुकाबले से पहले घर लौट गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में हर्षित राणा को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया था।
आखिरी दो मैचों के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर और शहबाज अहमद।

