IND Vs SA - तीसरा वनडे आज: वाइजैग में भारत ने 7 मैच जीते, सिर्फ 2 में शिकस्त; यहां की पिच बैटिंग पैराडाइज
Published:
3 min read

विराट कोहली और रोहित शर्मा का रिकॉर्ड वाइजैग में बेहद शानदार है। कोहली यहां सबसे ज्यादा 587 रन बनाने वाले प्लेयर हैं। रोहित शर्मा 355 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज खेल रही है। तीसरा मुकाबला आज (6 दिसंबर) विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1.30 बजे से शुरू होगा।
यह सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह करो या मरो का मैच है। ये मुकाबला जीतने वाली टीम सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लेगी। वाइजैग में टॉस की भी काफी अहमियत है। यहां बाद में बैटिंग करना फायदेमंद होता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले फील्डिंग का फैसला कर सकती है।
पिच रिपोर्ट
वाइजैग की इस पिच पर बॉलर्स और बैटर्स के बीच अच्छा तालमेल देखने को मिलता है। हालांकि यहां कि पिच स्पिनर्स की मददगार मानी जाती है। यहां बाउंस बेहद कम मिलता है। बाद में बैटिंग करना यहां फायदेमंद होता है। ओस भी अहम रोल निभाती है।
यहां 20 पारियों में 4 बार ही स्कोर 300 या उससे ज्यादा का बना है। इस मैदान पर हाइएस्ट स्कोर 5 विकेट पर 387 रन है, जो इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिसंबर 2019 में बनाया था। वाइजैग का सबसे कम स्कोर 79 रन है। तब अक्टूबर 2016 में इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराया था।
विशाखापत्तनम में 11वां वनडे होगा
इस मैदान पर यह 11वां वनडे इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा। इसमें इंडिया ने 7 जीते और 2 हारे हैं। एक मैच टाई रहा था।
पिछला मुकाबला 19 मार्च 2023 को इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ था। मैच में पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम 117 रनों पर ढेर हुई। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 11 ओवर में 10 विकेट से मैच जीत लिया था।
दोनों टीम के बीच वनडे हेड-टू-हेड
कुल वनडे: 96
इंडिया ने जीते: 41
साउथ अफ्रीका ने जीते: 52
बेनतीजा: 3
दोनों टीम के बीच वनडे सीरीज हेड-टू-हेड
कुल वनडे सीरीज: 15
इंडिया ने जीती: 8
साउथ अफ्रीका ने जीती: 6
ड्रॉ: 1
दोनों की प्लेइंग-11 में बदलाव मुश्किल
साउथ अफ्रीका ने सीरीज का दूसरा वनडे जीता है। ऐसे में कप्तान टेम्बा बावुमा अपनी मैच विनिंग प्लेइंग-11 में बदलाव नहीं करना चाहेंगे। दूसरी ओर भले ही भारतीय टीम को दूसरे वनडे में हार मिली है, लेकिन कप्तान केएल राहुल भी बदलाव के मूड में नहीं दिख रहे हैं।
तीसरे वनडे के लिए पॉसिबल प्लेइंग-11
भारतीय टीम: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह।
साउथ अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम, टेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, टोनी डी जॉर्जी, डेवॉल्ड ब्रेविस, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बोश, केशव महाराज, नंद्रे बर्गर और लुंगी एनगिडी।

