IND Vs SA तीसरा वनडे कल: दोनों के लिए करो या मरो का मैच, 10 साल से भारत में वनडे सीरीज नहीं जीती अफ्रीका
Published:
3 min read

सीरीज का पहला वनडे रांची में खेला गया, जिसमें भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी। दूसरे वनडे में साउथ अफ्रीकी टीम जीती। इस तरह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज खेल रही है। तीसरा मुकाबला कल (6 दिसंबर) विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1.30 बजे से शुरू होगा।
यह दोनों टीमों के लिए करो या मरो का मैच है, क्योंकि सीरीज इस समय 1-1 की बराबरी पर है। यह मुकाबला जीतने वाली टीम सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लेगी। साउथ अफ्रीका 10 साल से भारत में कोई बाइलेटरल वनडे सीरीज नहीं जीती है।
इससे पहले अफ्रीकी टीम ने अक्टूबर 2015 में भारतीय जमीन पर वनडे सीरीज जीती थी। तब टीम इंडिया को 5 वनडे की सीरीज में 3-2 से हराया था। यह भारत में अफ्रीकी टीम ने अपनी पहली वनडे सीरीज जीती थी। विशाखापत्तनम मैच जीतती ही दूसरी सीरीज पर कब्जा जमा लेगी।
विशाखापत्तनम में 11वां वनडे होगा
इस मैदान पर यह 11वां वनडे इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा। इसमें इंडिया ने 7 जीते और 2 हारे हैं। एक मैच टाई रहा था।
पिछला मुकाबला 19 मार्च 2023 को इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ था। मैच में पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम 117 रनों पर ढेर हुई। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 11 ओवर में 10 विकेट से मैच जीत लिया था।
वनडे सीरीज जीत की हैट्रिक का मौका
यदि यह मैच भी भारतीय टीम ही जीतती है तो वो साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगी। सबसे पहले तो सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लेगी। साथ ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज जीत की हैट्रिक भी पूरी कर लेगी।
दरअसल, अफ्रीकी टीम के खिलाफ टीम इंडिया अब तक लगातार 3 बाइलेटरल वनडे सीरीज नहीं जीती है। उसने पिछली दो सीरीज में अफ्रीका को हराया है। ऐसे में इस बार सीरीज जीत की हैट्रिक लगाने का मौका है।
अब तक सिर्फ साउथ अफ्रीका ने ही इंडिया के खिलाफ एक बार सीरीज जीत की हैट्रिक लगाई है। उसने 2011 से 2015 तक लगातार 3 वनडे सीरीज जीती थीं। इस दौरान एक सीरीज भारतीय टीम अपने घर में हारी थी।
दोनों टीम के बीच वनडे हेड-टू-हेड
कुल वनडे: 96
इंडिया ने जीते: 41
साउथ अफ्रीका ने जीते: 52
बेनतीजा: 3
दोनों टीम के बीच वनडे सीरीज हेड-टू-हेड
कुल वनडे सीरीज: 15
इंडिया ने जीती: 8
साउथ अफ्रीका ने जीती: 6
ड्रॉ: 1
तीसरे वनडे के लिए पोसिबल प्लेइंग-11
भारतीय टीम: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह।
साउथ अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम, टेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, टोनी डी जॉर्जी, डेवॉल्ड ब्रेविस, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बोश, केशव महाराज, नंद्रे बर्गर और लुंगी एनगिडी।

