IND Vs SA दूसरा टेस्ट कल से: इंडिया के लिए करो या मरो, अफ्रीका के पास 26 साल बाद भारत में सीरीज जीतने का मौका
Published:
3 min read

साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का पहला टेस्ट कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया था, जिसमें इंडिया को 30 रन से हार झेलनी पड़ी थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट की सीरीज का आखिरी यानी दूसरा मुकाबला कल (22 नवंबर) से खेला जाएगा। यह मैच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस मैदान पर यह पहला टेस्ट होगा, जो भारतीय टीम के लिए करो या मरो वाला है। यदि टीम इंडिया यह मैच जीतती है तो सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म होगी। साउथ अफ्रीका जीती तो 2-0 से क्लीन स्वीप करेगी।
साथ ही अफ्रीकी टीम 26 साल बाद भारत में कोई बाइलेटरल टेस्ट सीरीज जीतेगी। सीरीज का पहला टेस्ट कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया था, जिसमें इंडिया को 30 रन से हार झेलनी पड़ी थी। फिलहाल, साउथ अफ्रीका इस सीरीज में 1-0 से आगे है।
अफ्रीका ने आखिरी सीरीज फरवरी 2000 में जीती थी
साउथ अफ्रीका ने भारत में आखिरी बाइलेटरल टेस्ट सीरीज फरवरी 2000 में जीती थी। तब 2 टेस्ट की सीरीज में टीम इंडिया को 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। यह अफ्रीकी टीम की भारत में दूसरी ही टेस्ट सीरीज थी। पहली सीरीज नवंबर 1996 में हुई थी, जिसमें इंडिया ने 2-1 से जीत दर्ज की थी।
दोनों टीमों के बीच अब तक 7 बाइलेटरल टेस्ट सीरीज खेली गईं। इसमें इंडिया ने 4 सीरीज जीती हैं। अफ्रीकी टीम को सिर्फ एक सीरीज में जीत मिली। दो सीरीज ड्रॉ रहीं। इस बार दोनों टीमों के बीच 8वीं बाइलेटरल टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।
इंडिया और अफ्रीका के बीच अब तक 16 बाइलेटरल टेस्ट सीरीज खेली गईं। इसमें इंडिया ने 4 और अफ्रीका ने 8 सीरीज जीती हैं। 4 सीरीज ड्रॉ खेली गईं।
भारत में टेस्ट सीरीज हेड-टू-हेड
कुल सीरीज: 7
इंडिया ने जीतीं: 4
अफ्रीका ने जीतीं: 1
ड्रॉ: 2
इंडिया-अफ्रीका टेस्ट सीरीज हेड-टू-हेड
कुल सीरीज: 16
इंडिया ने जीतीं: 4
अफ्रीका ने जीतीं: 8
ड्रॉ: 4
टेस्ट में दोनों टीमों का पलड़ा बराबर
ओवरऑल टेस्ट मुकाबलों में रिकॉर्ड की बात करें तो इसमें दोनों टीमों का पलड़ा बराबर ही नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक 45 टेस्ट हुए, जिसमें से इंडिया ने 16 और अफ्रीका ने 19 मैच जीते। भारत में आकर अफ्रीकी टीम कमजोर नजर आती है। उसने 20 में से 6 ही टेस्ट जीते हैं। 11 में इंडिया को जीत मिली।
इंडिया-अफ्रीका के बीच टेस्ट रिकॉर्ड
कुल टेस्ट: 45
इंडिया ने जीते: 16
अफ्रीका ने जीते: 19
ड्रॉ: 10
भारत में टेस्ट रिकॉर्ड
कुल सीरीज: 20
इंडिया ने जीतीं: 11
अफ्रीका ने जीतीं: 6
ड्रॉ: 3
गुवाहाटी टेस्ट में भारतीय संभावित प्लेइंग-11:
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।

