पाकिस्तान ने इंडिया को 13 ओवर में हराया: कैच पर विवाद, पाकिस्तानी प्लेयर को नहीं दिया आउट, जानिए नया नियम
Published: Updated:
4 min read

मैच में टॉस हारकर भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 137 रन का टारगेट दिया था। पाकिस्तानी टीम ने 13.2 ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया। (@ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. कतर की राजधानी दोहा में इस समय एशिया कप राइजिंग स्टार टूर्नामेंट खेला जा रहा है। रविवार (16 नवंबर) को ग्रुप बी में इंडिया और पाकिस्तान के बीच मैच खेला गया। इस मुकाबले को पाकिस्तानी टीम ने 13.2 ओवर में ही 8 विकेट से जीत लिया। इस मैच में एक विवाद भी देखने को मिला।
मुकाबले में पाकिस्तान के प्लेयर को नए नियम के तहत कैच आउट नहीं दिया गया। जबकि भारतीय फील्डर ने एकदम क्लियर कैच किया था। इसको लेकर जमकर विवाद भी हुआ। आइए जानते हैं क्या था ये मामला…
पाकिस्तान को 137 रन का टारगेट दिया
दरअसल, मैच में टॉस हारकर भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 136 रन बनाए थे। टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 28 बॉल पर सबसे ज्यादा 45 रन बनाए। नमन धीर ने 35 रनों की पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बैटर 20 का आंकड़ा नहीं छू सका। इस तरह पाकिस्तान को 137 रन का टारगेट दिया।
पाकिस्तान के लिए बॉलिंग में शाहिद अजीज ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। शाद मसूद और माज सदाकत को 2-2 विकेट मिले। 1-1 सफलता उबैद शाह, अहमद दानियाल और सूफियान मुकीम को मिली।
13.2 ओवर में जीती पाकिस्तानी टीम
जवाब में 20 ओवर का यह मुकाबला पाकिस्तानी टीम ने 13.2 ओवर में ही अपने नाम कर लिया। ओपनर माज सदाकत ने सबसे ज्यादा 79 रन की पारी खेली। मोहम्मद फैक ने नाबाद 16, मोहम्मद नईम ने 14 और यासिर खान ने 11 रन बनाए। यश ठाकुर और सुयश शर्मा ने 1-1 विकेट लिया।
सदाकत को कैच आउट नहीं दिया गया
पाकिस्तान को 66 बॉल पर 44 रनों की दरकार थी। तब पारी का 10वां ओर लेग स्पिनर सुयश शर्मा ने किया। पहली बॉल पर लेफ्ट हैंड बैटर माज सदाकत ने लॉन्ग ऑन की ओर हवाई शॉट खेला। वहां बाउंड्री पर नेहल वढेरा खड़े थे। उन्होंने दौड़ते हुए बॉल पकड़ी और संतुलन बिगड़ने पर बॉल बाउंड्री के अंदर खड़े नमन धीर की ओर फेंकी।
नमन ने कैच किया और फिर टीम इंडिया विकेट का जश्न मनाने लगी। लेकिन फील्ड अंपायर ने नए नियम के तहत कैच को अवैध करार दिया। यानी माज सदाकत को नॉटआउट दिया गया। भारतीय कप्तान जितेश शर्मा इस बात पर अंपायर से भिड़ गए और काफी देर तक मैच रुका रहा, लेकिन फैसला नहीं बदला।
क्या है यह नया नियम
- पुराना नियम था कि फील्डर बाउंड्री के बाहर हवा में रहते हुए कितनी भी बार बॉल को छू (हवा में) सकता है। हालांकि कैच के लिए उसे बाउंड्री के अंदर आना होता था।
- मगर अक्टूबर 2025 में यह नियम बदला गया। नए रूल्स के मुताबिक, फील्डर बाउंड्री के बाहर हवा में बॉल को सिर्फ एक ही बार छू सकता है।
- कैच तभी माना जाएगा जब फील्डर बॉल दोबारा पकड़े जाने से पहले बाउंड्री के अंदर रहे।
- नियम 19.5.2.1 के मुताबिक, यदि फील्डर बाउंड्री के बाहर ही लैंड करता है तो फिर कैच नहीं माना जाएगा, लेकिन बल्लेबाज को बाउंड्री मिल जाएगी।
- नमन ने बाउंड्री के अंदर कैच लिया, तब वढेरा बाउंड्री के अंदर लैंड कर चुके थे और कैच लेने से पहले ही बाउंड्री घोषित हो गई थी। इस कारण कैच नहीं माना गया।

फिर विवाद क्यों हुआ
- कुछ दिग्गजों का मानना है कि वढेरा ने जब बॉल मैदान में अंदर फेंकी थी, तब वे बाउंड्री पार नहीं पहुंचे थे। उन्होंने बाउंड्री क्रॉस करने से पहले ही बॉल अंदर फेंक दी थी। जबकि कुछ बोल रहे हैं कि बाउंड्री के बाहर जाकर हवा में रहते हुए बॉल अंदर फेंकी थी।
- विवाद ये भी है कि यदि वढेरा ने बाउंड्री के बाहर हवा में रहते हुए बॉल अंदर फेंकी थी और वे लैंड भी बाहर ही हुए, तब नियम के अनुसार सिक्स दिया जाना चाहिए था, लेकिन अंपायर ने ऐसा नहीं किया। आखिर ऐसा क्यों?

जितेश ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया
भारतीय टीम के कप्तान जितेश शर्मा ने भी टॉस के समय या मैच के बाद पाकिस्तानी कप्तान इरफान खान से हाथ नहीं मिलाया। इससे पहले सितंबर 2025 में हुए एशिया कप में इंडिया और पाकिस्तान के बीच फाइनल समेत 3 मैच हुए थे। तीनों ही मैचों में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कैप्टन सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिला था।

