PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी बोले: BCCI से अब भीख नहीं मांगेंगे, भारत को बराबरी से बात करनी होगी
Published:
3 min read

एशिया कप 2025 में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 14 सितंबर को होगा। (फोटो क्रेडिट; सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा है कि पाकिस्तान अब भारत से क्रिकेट खेलने के लिए भीख नहीं मांगेगा।
नकवी ने यहां तक कहा कि अब अगर भारत को पाकिस्तान से बात करनी है तो उसे बराबरी का दर्जा देना होगा। नकवी फिलहाल एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष भी हैं। नकवी का कहना है कि अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल (BCCI) को हमारी तमाम शर्तें माननी होंगी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के इस धमकी वाले अंदाज पर फिलहाल, BCCI का कोई रिएक्शन नहीं आया है।
होस्टिंग को लेकर भी विवाद
एशिया कप 2025 के होस्ट को लेकर भी भारत और पाकिस्तान में बहस देखने को मिली थी। इस साल एशिया कप पाकिस्तान होस्ट करने वाला था, लेकिन भारत ने पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद टूर्नामेंट को यूएई (UAE) शिफ्ट कर दिया गया।
PCB इससे खुश नहीं है। पाकिस्तान जब भी कोई इवेंट होस्ट करता है तो भारत वहां जाने से इनकार देता है।
ICC टूर्नामेंट में खेलेंगी दोनों टीम
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के जितने भी टूर्नामेंट होंगे उनमें और एशिया कप में टीम इंडिया खेलती रहेंगी। इसमें पाकिस्तान से भी मुकाबले होंगे।
भारतीय खेल मंत्रालय ने पिछले दिनों कहा था- हम एशिया कप में खेलने से भारतीय टीम को नहीं रोक सकते, क्योंकि यह मल्टीलेटरल (कई टीमों का टूर्नामेंट) इवेंट है। हालांकि, बाइलेटरल सीरीज पर हमारा रुख पहले जैसा है। दोनों देश आपस में कोई सीरीज नहीं खेलेंगे।

2012 के बाद नहीं हुई कोई बाइलेटरल सीरीज
भारत-पाकिस्तान के बीच 13 साल से कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं खेली गई है। आखिरी बार दिसंबर 2012 में पाकिस्तान ने भारत का दौरा किया था। तब दोनों टीमों के बीच 2 टी20 मैच की सीरीज ड्रॉ रही थी। 3 वनडे मैच की सीरीज पाकिस्तान ने जीती थी। इसके बाद से दोनों टीमें ICC टूर्नामेंट या एशिया कप में ही खेलती नजर आ रही हैं।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच|
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

