एशिया कप होना मुश्किल: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को 116 करोड़ का नुकसान होगा; ICC मीटिंग में शामिल नहीं हुए PCB चीफ नकवी
Published: Updated:
3 min read

पाकिस्तानी बोर्ड को ICC से 25.9 मिलियन डॉलर (करीब 224 करोड़ भारतीय रुपये) की कमाई का अनुमान है। (File Photo)
सितंबर में होने वाले एशिया कप 2025 को लेकर सस्पेंस बढ़ता जा रहा है। यदि टूर्नामेंट नहीं होता है, तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को 116 करोड़ रुपये (34.8 करोड़ भारतीय रुपये) का नुकसान होना तय है। टूर्नामेंट करवाने के लिए पीसीबी पूरा जोर लगा रहा है। मगर वह इस बात पर भी अड़ा है कि एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की मीटिंग बांग्लादेश के ढाका में ही हो।
रिपोर्ट्स की मानें तो PCB को उम्मीद है कि मौजूदा फाइनेंशियल ईयर में उसे इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) से करीब 8.8 अरब रुपये (264 करोड़ भारतीय रुपये) की कमाई होगी।
PCB के लिए एशिया कप क्यों जरूरी
पाकिस्तानी बोर्ड को ICC से 25.9 मिलियन डॉलर (करीब 224 करोड़ भारतीय रुपये) की कमाई का अनुमान है। जबकि एशिया कप से 1.16 अरब रुपये (34.8 करोड़ भारतीय रुपये) और इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स से 77.7 लाख रुपये (23.31 लाख भारतीय रुपये) कमाने की उम्मीद है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- पाकिस्तानी बोर्ड को बेहतर फाइनेंशियल कंडीशन के लिए ICC और एशिया कप से होने वाली कमाई बेहद जरूरी है। यदि एशिया कप नहीं होता है तो PCB की हालत बदतर हो जाएगी।
ICC मीटिंग में नहीं पहुंचे मोहसिन नकवी
पिछले हफ्ते सिंगापुर में ICC की एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) हुई थी। इसमें PCB चीफ मोहसिन नकवी फिजिकली शामिल नहीं हुए। वे ऑनलाइन जुड़े थे। ऐसे में एशिया कप को लेकर सस्पेंस और बढ़ गया है। नकवी ACC के भी अध्यक्ष हैं।
ICC मीटिंग में पाकिस्तानी बोर्ड के CEO सुमैर अहमद शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने 24 जुलाई को ढाका में होने वाली ACC की मीटिंग को लेकर बात की। मगर BCCI, श्रीलंका और अफगानिस्तान बोर्ड से कोई सपोर्ट नहीं मिला।
PCB का एनुअल बजट 18.8 अरब रुपये
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'PCB ने पूरा जोर लगाया कि ACC की मीटिंग ढाका में ही हो। मगर भारत, श्रीलंका, अफगानिस्तान, ओमान समेत कुछ दूसरे बोर्ड ने साफ कर दिया कि वे ढाका नहीं जाना चाहते।' एशिया कप का होना मुश्किल नजर आ रहा है। इसकी बड़ी वजह यह भी है कि BCCI ढाका मीटिंग में शामिल नहीं होगा। PCB को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से भी 2.5 अरब रुपये कमाई की उम्मीद है। बोर्ड का एनुअल बजट करीब 18.8 अरब रुपये का है।
7 सितंबर को भारत-पाकिस्तान मुकाबला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर एशिया कप 2025 हुआ तो यह 5 सितंबर से शुरू होगा। फाइनल 21 सितंबर को खेला जाना है। इसमें 6 टीमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और UAE हिस्सा लेंगी। इन सभी को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इसके बाद टॉप-4 टीमों के बीच राउंड रॉबिन फॉर्मेट में सुपर-4 मुकाबले होंगे।
फिर टॉप-2 टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा। भारत-पाकिस्तान के बीच मैच 7 सितंबर को हो सकता है। फिलहाल, एशिया कप का मेजबान भारत ही है। मगर टूर्नामेंट UAE शिफ्ट किया जा सकता है।
भारत ने 8 बार एशिया कप जीता
1984 में एशिया कप का पहला सीजन वनडे फॉर्मेट में UAE की मेजबानी में खेला गया था। तब टूर्नामेंट में सिर्फ तीन ही टीमें भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका थीं। दूसरे सीजन से बांग्लादेश को भी शामिल किया गया था। पहले सीजन में भारतीय टीम चैम्पियन बनी थी। अब तक टूर्नामेंट में भारत का ही दबदबा रहा है।
एशिया कप में अब तक 16 सीजन के विनर
|
टीम |
खिताब जीते |
कब-कब |
|
भारत |
8 बार |
1984, 1989, 1990–91, 1995, 2010, 2016, 2018, 2023 |
|
श्रीलंका |
6 बार |
1986, 1997, 2004, 2008, 2014, 2022 |
|
पाकिस्तान |
2 बार |
2000, 2012 |

