हॉकी में इंडिया ने पाकिस्तान को हराया-24648: FIH प्रो लीग में 7-1 से जीते; दोनों टीम के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी, VIDEO वायरल
Published: Updated:
3 min read

भारतीय हॉकी टीम की ओर से सभी गोल अलग-अलग खिलाड़ियों ने किए। (फोटो- Hockey India)
स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड में खेली जा रही FIH प्रो लीग में भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 7-1 से शिकस्त दी है। इस टूर्नामेंट में दोनों टीम के बीच यह दूसरा मुकाबला रहा। पिछले मैच में भारतीय टीम ने 4-3 से हराया था। यह दूसरा मैच लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेला गया।
भारत ने दूसरे क्वार्टर में जबरदस्त आक्रामक खेल दिखाया और पाकिस्तान की टीम को पूरी तरह मैच से बाहर कर दिया। भारत की ओर से सभी गोल अलग-अलग खिलाड़ियों ने किए, जबकि पाकिस्तान के लिए एक गोल अबू महमूद ने किया।
इंडिया के लिए गोल
सुखजीत सिंह - 20वां मिनट (पेनल्टी कॉर्नर पर डिफलेक्शन)
हरमनप्रीत सिंह - 26वां मिनट (पेनल्टी कॉर्नर)
हार्दिक सिंह - 34वां मिनट (पेनल्टी स्ट्रोक)
जुगराज सिंह - 35वां मिनट (फील्ड गोल)
अभिषेक नैन - 41वां मिनट (फील्ड गोल)
राज कुमार पाल - 44वां मिनट (पेनल्टी कॉर्नर रिबाउंड)
दिलप्रीत सिंह - 54वां मिनट (फील्ड गोल)

दोनों टीम के प्लेयर्स के बीच कहासुनी
दूसरे क्वार्टर में जब भारतीय टीम 2-1 से आगे थी, उस समय दोनों टीम के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी भी हुई। भारतीय प्लेयर जर्मनप्रीत सिंह और कप्तान हरमनप्रीत सिंह को गुस्सा होते देखा गया। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
पाकिस्तानी प्लेयर की आंख पर बॉल लगी
मैच की शुरुआत पाकिस्तान ने शानदार अंदाज में की। 13वें मिनट में अबू महमूद ने पेनल्टी कॉर्नर पर दमदार ड्रैग फ्लिक लगाकर गोल किया और अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि भारत ने ज्यादा देर तक पाकिस्तान को आगे नहीं रहने दिया। 20वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की ड्रैग फ्लिक सुखजीत सिंह के स्टिक से डिफ्लेक्ट होकर गोल में चली गई और भारत ने स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इसी दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ी अहमद नदीम की आंख पर गेंद लग गई, जिसके बाद उन्हें व्हीलचेयर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा और बाद में अस्पताल भेजा गया। इस घटना के कारण खेल कुछ देर रुका रहा था।
IND Vs PAK हेड-टू-हेड
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में पाकिस्तान टीम का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीम के बीच 183 मैच खेले गए, जिसमें से पाकिस्तान ने 82 और इंडिया ने 69 मैच जीते हैं। 32 मैच ड्रॉ रहे। हालांकि पिछले 10 साल का रिकॉर्ड देखें तो इसमें भारतीय टीम का पलड़ा भारी है।
इन 10 सालों में भारतीय टीम पाकिस्तान से एक भी मैच नहीं हारी है। इस दौरान 19 मैच हुए, जिसमें से इंडिया ने 17 जीते और 2 ड्रॉ रहे। 183 मैच में पाकिस्तान ने 407 और इंडिया ने 390 गोल किए।

