पाकिस्तानी ओपनर की डक हैट्रिक: कप्तान आगा का 8 और हारिस का एवरेज 10; कल फिर टीम इंडिया से मुकाबला
Published:
3 min read

पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा, ओपनर सईम अयूब और मोहम्मद हारिस का फ्लॉप प्रदर्शन लगातार जारी है। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 अब सुपर-4 राउंड में एंट्री कर चुका है। इसमें दूसरा मुकाबला भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच होने वाला है। यह मैच कल (21 सितंबर) दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले पाकिस्तानी फैन्स काफी निराश होंगे यह जानकर कि टीम के 3 बैटर्स की हालत इस एशिया कप में पंचर नजर आ रही है। ओपनर सईम अयूब ने डक की हैट्रिक लगा ली है।
कप्तान सलमान अली आगा और नंबर-4 पर बैटिंग करने वाले मोहम्मद हारिस का एवरेज किसी बॉलर से भी बहुत कम रहा है। सलमान ने इस एशिया कप में 3 मैच में 7.66 के एवरेज से सिर्फ 23 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 57.50 का रहा।
सईम अयूब ने लगाई डक की हैट्रिक
एशिया कप से पहले पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने कहा था कि PAK ओपनर सईम अयूब इस बार टूर्नामेंट में जसप्रीत बुमराह के खिलाफ 6 बॉल पर 6 छक्के लगाएंगे। हालांकि मामला पूरा उलटा नजर आया। अयूब ने इस एशिया कप में 3 मैच खेले और तीनों बार जीरो पर आउट हुए।
टीम इंडिया के खिलाफ पहली बॉल पर कैच आउट हुए थे। मजे की बात है कि हार्दिक पंड्या की बॉल पर जसप्रीत बुमराह ने ही अयूब का कैच लिया था। ऐसे में सईम अयूब को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है।

मिडिल ऑर्डर बैटर हारिस की हालत भी खराब
मोहम्मद हारिस की पिछले 10 T20I पारियों से बेहद खराब हालत है। उन्होंने 4 नंबर या उससे नीचे बैटिंग करते हुए 10 पारियों में 10.44 के बेहद खराब एवरेज से सिर्फ 94 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी 117.5 का रहा, जो टी20 के लिहाज से बेहद खराब है।
हालांकि हारिस ने ओमान के खिलाफ 66 रन की पारी खेली थी, लेकिन इस मैच में उन्हें नंबर-3 पर उतारा था। हारिस ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में अब तक 31 मैच खेले, जिसमें 1 शतक और एक ही फिफ्टी लगाई है। एवरेज भी 17.62 का रहा, जो बेहद खराब है।

पिछले मैच में इंडिया 15.5 ओवर में जीती थी
पाकिस्तान टीम की इस बार एशिया कप में टीम इंडिया से दूसरी टक्कर होने वाली है। पहला मैच ग्रुप स्टेज में हुआ था, जिसे टीम इंडिया ने 15.5 ओवर में 7 विकेट से जीत लिया था। दूसरे मैच में पाकिस्तान को कड़ी टक्कर देनी है, तो इन बल्लेबाजों को फॉर्म में लौटना होगा। वरना पाकिस्तान की हालत और भी खराब हो सकती है।
सुपर-4 राउंड में चार टीम इंडिया, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश हैं। यह सभी राउंड रॉबिन के तहत आपस में मैच खेलेंगी। इसके बाद टॉप-2 टीमें फाइनल में जगह बनाएंगी। उन दोनों के बीच 28 सितंबर को खिताबी मुकाबला होगा।
एशिया कप में पाकिस्तान का स्क्वॉड:
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी और सुफियान मुकीम।
एशिया कप में एशिया कप में भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

