वुमन्स वर्ल्ड कप: भारत की लगातार तीसरी हार, जीता मैच गंवाया; आगे बने रहने के लिए बाकी मैच जीतने जरूरी
Published: Updated:
2 min read

वुमन्स वर्ल्ड कप का यह मुकाबला इंदौर में खेला गया।
स्पोर्ट्स डेस्क. ICC वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 का 20वां मुकाबला इंदौर में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया। इंग्लैंड ने भारत को रोमांचक मुकाबले में 4 रन से हरा दिया। भारत एक वक्त पर मजबूत स्थिति में था। 41 ओवर्स में टीम का स्कोर 233-3 था। लगभग 6 के रन रेट से स्कोर का पीछा करना था, लेकिन स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के आउट होते ही टीम प्रेशर में आ गई और हाथ आया मैच गंवा दिया।
इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। उन्होंने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से हीथर नाइट ने 109 रन जड़े। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 6 विकेट के नुकसान पर 284 रन ही बना सकी।
भारत की तरफ से मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे ज्यादा क्रमश: 88 और 70 रनों की पारी खेली। दीप्ति शर्मा ने 50 रन किए।
सेमीफाइनल के लिए अब करो या मरो
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक 5 मैच खेले हैं। इसमें 2 में जीत और 3 में हार मिली है। टीम के फिलहाल 4 अंक हैं और वो पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर है। टीम इंडिया का नेट रनरेट अभी बेहतर है, फिर भी टीम को सेमीफाइनल में बने रहने के लिए बाकी के मैच जीतने होंगे। टीम इंडिया ने शुरुआत में पाकिस्तान और श्रीलंका को हराया था, लेकिन बाद में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से लगातार दो मैच हार गई। अब तीसरा मैच भी हार गई।
इंडिया वुमन और इंग्लैंड वुमन ODI हेड टू हेड
मैच : 80
इंग्लैंड ने जीते : 42
इंडिया ने जीते : 36
मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन
प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर,स्नेह राणा, क्रांति गौड़ और श्री चारनी।
मैच में इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
एमी जोन्स (विकेटकीपर), टैमी ब्यूमोंट, हीथर नाइट, नैट सीवर-ब्रंट (कप्तान), सोफिया डंकली, एमा लम्ब, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफी एकलस्टन, लिंसी स्मिथ और लॉरेन बेल।

