टीम इंडिया के बैटिंग ऑर्डर में नंबर 3 की खोज जारी: साई सुदर्शन, करुण मजबूत दावेदार; द्रविड़-पुजारा की जगह लेना चैलेंज
Published:
3 min read

नंबर तीन की पोजिशन के लिए साईं सुदर्शन (बाएं) और करुण नायर का दावा मजबूत है। साईं नंबर 3 पर फुली फिट साबित नहीं हो सके हैं। दूसरी तरफ, करुण डोमेस्टिक क्रिकेट की परफॉर्मेंस इंग्लैंड में दोहरा नहीं सके हैं। (सोर्स: BCCI)
भारतीय टेस्ट क्रिकेट में नंबर 3 का स्थान हमेशा से बेहद अहम रहा है। यह वो पोजीशन है जहां राहुल द्रविड़ ने कई साल तक मजबूती से पैर जमाए रखे। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा ने भी इस नंबर के लिए अपना सिलेक्शन को सही साबित किया। अब सिलेक्टर पुजारा से आगे देख रहे हैं तो यह इस पोजिशन के लिए मिस्टर परफेक्ट की तलाश हो रही है।
शुभमन गिल, करुण नायर और साईं सुदर्शन जैसे प्लेयर्स को मौका दिया गया है, लेकिन कोई परमानेंट सॉल्यूशन अब तक नहीं मिला।
नंबर तीन पर नायर सुदर्शन बहुत बेहतर नहीं
2025 की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज में यह परेशानी ज्यादा साफ हो गई। पहले टेस्ट में साई सुदर्शन को आजमाया गया। उन्होंने 0 और 30 रन बनाए। इसके बाद करुण को मौका दिया गया। नायर ने चार पारियों में 31, 26, 40 और 14 रन बनाए। शुरुआत अच्छी रही, लेकिन बड़ा स्कोर नहीं आया।
8 साल के बाद मिला, लेकिन कमाल नहीं कर पाए
करुण टेस्ट क्रिकेट में ट्रिपल सेंचुरी लगा चुके हैं। हालांकि, अब उनमें वो फायर नजर नहीं आती। अब उनके बल्ले से सिर्फ 20-30 रन ही निकल रहे हैं। उन्होंने बर्मिंघम टेस्ट में अच्छा खेल दिखाया, लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में सब खराब कर दिया। नायर ने दो पारियां नंबर 6 पर और चार नंबर 3 पर खेली हैं।
30 रन की पारी नहीं, बड़े स्कोर की उम्मीद
पूर्व भारतीय क्रिकेटर फारुख इंजीनियर और दिलीप वेंगसरकर का मानना है कि नंबर 3 की जिम्मेदारी निभाने वाला बल्लेबाज लगातार बड़ी पारियां खेले। इंजीनियर कहते हैं- करुण ने खूबसूरत 30 रन बनाए, शानदार कवर ड्राइव खेले, लेकिन नंबर 3 पर अच्छे 30 नहीं, बल्कि शतक चाहिए होता है। वेंगसरकर ने भी यही कहा कि सिलेक्शन के वक्त उम्र या अनुभव नहीं, बल्कि करंट फॉर्म और काबिलियत देखनी चाहिए।
दिक्कत कहां
रोहित शर्मा के बैटिंग ऑर्डर में ऊपर-नीचे जाने से केएल राहुल को ओपनिंग छोड़नी पड़ी। फिर गिल को नंबर 3 पर उतारा गया। लेकिन अब गिल खुद नंबर 4 पर जा चुके हैं। इससे नंबर 3 फिर खाली हो गया।
सुदर्शन को पहले टेस्ट में मौका मिला था। पूर्व क्रिकेटर्स ने उन्हें टेस्ट में ज्यादा खेलते नहीं देखा है। इंजीनियर कहते हैं- अगर वो अच्छा खिलाड़ी है तो उम्र मत देखो, उसे खिलाओ और टेस्ट मैच जीतने पर ध्यान दो।
प्रैक्टिस सेशन जारी
मैनचेस्टर टेस्ट से पहले टीम इंडिया का प्रैक्टिस सेशन शुरू हो चुका है। ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड पर यह टेस्ट 23 तारीख से खेला जाएगा। कोच और कप्तान शायद फैसला लेंगे की नंबर 3 पर किसे मौका दिया जाए।
अब यह जिम्मेदारी किसे दी जाए जो शुभमन गिल को मजबूती दे सके करुण नायर ने शुरुआत तो की है, लेकिन सवाल है क्या वह 30 को 100 में बदल सकते हैं अगर नहीं, तो साई सुदर्शन या किसी और को यह मौका मिलना चाहिए।
तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की सीरीज जारी है। अब तक 3 टेस्ट खेले जा चुके हैं। इंग्लैंड 2-1 से आगे है। चौथा टेस्ट मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड पर 23 जुलाई को खेला जाएगा।

