ओवल में इंग्लैंड पर लगातार दूसरी जीत: इंडिया पहली बार 6 रन से जीती टेस्ट; 21वीं सदी में 7वीं बार कोई टीम 10 या उससे कम रन से जीत सकी
Published: Updated:
3 min read

इंडिया ने ओवल में पहली बार लगातार 2 टेस्ट में इंग्लैंड को हराया। इससे पहले सितंबर 2021 में 157 रन से हराया था। ओवल में इंडिया ने पहली जीत अगस्त 1971 में दर्ज की थी। (BCCI)
भारतीय टीम ने सोमवार (4 अगस्त) को इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में 6 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। टेस्ट इतिहास में भारतीय टीम की यह सबसे कम रन की जीत है। इससे पहले उसने 2004 में ऑस्ट्रेलिया को 13 रन से हराया था। यह टेस्ट मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ था। इस तरह भारतीय टीम की टेस्ट में 6 रन से यह पहली जीत है।
साथ ही भारत 21वीं सदी में 7वीं टीम है, जिसने 10 से उससे कम रन से टेस्ट मैच जीता है। इसके अलावा ओवल में भारतीय टीम ने पहली बार इंग्लैंड को लगातार 2 टेस्ट में हराया है।

सबसे कम रन से जीत के मामले में इंडिया 9वीं टीम
टेस्ट इतिहास में सबसे कम रन की जीत का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के नाम है। इन दोनों ने 1-1 रन से जीत दर्ज की है। वेस्टइंडीज ने 1993 के एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।
जबकि न्यूजीलैंड ने 2023 के वेलिंग्टन टेस्ट में इंग्लैंड को शिकस्त दी थी। सबसे कम रन से जीत के रिकॉर्ड की ओवरऑल लिस्ट में भारतीय टीम 9वें नंबर पर है।
ओवल में भारतीय टीम ने तीसरा टेस्ट जीता
इस जीत के साथ ओवल में भारतीय टीम का रिकॉर्ड थोड़ा ठीक हुआ है। उसने इस मैदान पर पहली बार लगातार 2 टेस्ट में इंग्लैंड को हराया। इससे पहले सितंबर 2021 में 157 रन से हराया था। ओवल में इंडिया ने पहली जीत अगस्त 1971 में दर्ज की थी। तब इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया था।
टीम इंडिया ने ओवल में अब तक 16 टेस्ट खेले, जिसमें से 3 जीते और 6 हारे हैं। टीम ने यहां 7 टेस्ट ड्रॉ खेले हैं। ओवल में अब तक कोई भी विदेशी टीम 10 टेस्ट नहीं जीत सकी। यहां सबसे ज्यादा 8 टेस्ट जीतने वाली विदेशी टीम ऑस्ट्रेलिया है।

आखिरी दिन रोमांचक हुआ ओवल टेस्ट
ओवल टेस्ट में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 224 रन बनाए थे। करुण नायर ने 57 रन की पारी खेली। जबकि गस एटकिंसन ने 5 विकेट लिए। इसके बाद इंग्लैंड की टीम 247 रन पर ढेर हुई। उसने पहली पारी में 23 रन की बढ़त बनाई थी।
जैक क्रॉली ने 64 और हैरी ब्रूक ने 53 रन बनाए। जबकि पहली पारी में भारतीय टीम के लिए मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 4-4 विकेट लिए। पहली दोनों पारियां दो दिन में ही हो गईं।
आखिरी दिन 35 रन नहीं बना सकी इंग्लैंड
इसके बाद भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 396 रन बनाकर इंग्लैंड को 474 रन का टारगेट दिया। यशस्वी जायसवाल 118 और आकाश दीप 66 रन की पारी खेली। जबकि रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने 53-53 रन बनाए। तेज गेंदबाज जोश टंग ने 5 विकेट लिए।
चौथे दिन खेल खत्म होने तक इंग्लैंड टीम 6 विकेट पर 339 रन बना लिए थे। आखिरी दिन जीत के लिए 35 रन चाहिए थे। मगर पांचवें दिन सिराज ने 3 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट लेकर इंग्लैंड को 367 रन पर ढेर कर दिया। इस तरह टीम इंडिया 6 रन से यह टेस्ट जीती और सीरीज 2-2 से बराबर कर दी। दूसरी पाीर में सिराज ने 5, प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 और आकाश दीप ने 1 विकेट लिया।

