इंजेक्शन लिया है क्या?: शुभमन गिल ने आकाश दीप से पेनकिलर के बारे में पूछा, स्टम्प माइक में रिकॉर्ड; VIDEO
Published:
3 min read

तेज गेंदबाज आकाश दीप ने सीरीज के शुरुआती 3 टेस्ट की 5 पारियों में 12 विकेट लिए। पांचवें टेस्ट की दूसरी पारी में फिफ्टी भी लगाई। (Instagram)
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इसका आखिरी मुकाबला 31 जुलाई से ओवल में खेला जा रहा है। इस मैच में जसप्रीत बुमराह की जगह आकाश दीप को जगह मिली। मगर इसी बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। मैच में कप्तान शुभमन गिल ने आकाश दीप से पूछा कि क्या उसने इंजेक्शन लिया है।
गिल की आवाज माइक स्टम्प में रिकॉर्ड हुई। इसके बाद कयास लगाए जाने लगे हैं कि क्या आकाश दीप चोटिल थे और उन्हें अनफिट होते हुए भी ओवल टेस्ट में खिलाया गया। रिपोर्ट्स में दावा है कि गिल ने पेनकिलर इंजेक्शन के बारे में पूछा था।
आकाश दीप ने हैरी ब्रूक को किया आउट
यह सारा मामला ओवल टेस्ट के चौथे दिन लंच के ठीक बाद का है। स्पिनर सफल नहीं हो पा रहे थे। जो रूट और हैरी ब्रूक क्रीज पर जमे हुए थे। भारतीय कप्तान तेज गेंजबाजों पर ही डिपेंड दिख रहे थे। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्षा भी जोड़ी तोड़ने में नाकाम दिख रहे थे।
गिल ने आकाश से पूछा- "इंजेक्शन लिया क्या तुम?" इसके बाद गिल ने आकाश को अटैक पर लगाया। इस तेज गेंदबाज ने 63वां ओवर किया, जिसकी चौथी बॉल पर हैरी ब्रूक को आउट किया और टीम को चौथी सफलता दिलाई।
इससे पहले कप्तान गिल ने 11 ओवर में कृष्णा, सिराज, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर को आजमा लिया था। मगर सफलता नहीं मिल सकी थी। आकाश ने आते ही पहले ओवर में विकेट दिलाया।
तीसरे टेस्ट में चोटिल हुए थे आकाश
सीरीज में तीसरा टेस्ट खेलते हुए तेज गेंदबाज आकाश दीप को ग्रोइन इंजरी हुई थी। इसके कारण उन्हें चौथे टेस्ट में नहीं खिलाया गया। हालांकि पूरी तरह फिट होने पर आकाश को पांचवें टेस्ट की प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। आकाश ने शुरुआती 3 टेस्ट की 5 पारियों में 12 विकेट लिए।
आकाश ने बतौर नाइटवॉचमैन ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में 66 रन की पारी भी खेली। यह उनके करियर की पहली फिफ्टी रही। गेंदबाजी में उन्होंने पहली पारी में 80 रन देकर 1 विकेट लिया था। जबकि दूसरी पारी में चौथे दिन खेल खत्म होने तक 1 विकेट मिला।
पांचवें टेस्ट में भारत-इंग्लैंड की प्लेइंग 11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), करुण नायर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवर्टन और जोश टंग।

