शार्दुल ने की ऋषभ पंत की तारीफ: कहा- वॉर्मअप के लिए नहीं आए पंत, मैंने पैर को छूकर देखा कि सही से चल पा रहे या नहीं
Published:
4 min read

मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में शार्दुल ठाकुर ने 41 रन बनाए। जबकि ऋषभ पंत ने 75 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली। (BCCI)
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में जो दिलेरी दिखाई है, उसकी तारीफ तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने की है। पंत ने चोटिल पैर के साथ बैटिंग की और शानदार अंदाज में फिफ्टी लगाई। शार्दुल ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा कि पंत दूसरे दिन खेल शुरू होने से पहले वॉर्मअप के लिए नहीं आए। शार्दुल ने उनका पैर छूकर देखा था कि वे सही से चल पा रहे हैं या नहीं।
शार्दुल ने कहा- “मुझे लगता है कि वह हमेशा हमारे प्लान (पंत को मैदान पर लाना) में था। इसके लिए मेडिकल टीम ने भी काफी एफर्ट लगाया था। वे पंत को मैदान पर वापस ला सकते थे। उन्होंने (पंत) जो भी कुछ किया और जो भी रन बनाए वे टीम के लिए बेहद जरूरी थे।”
उन्होंने कहा- “और हां, वो काफी दर्द में था। हमने उसे कई बार कमाल करते हुए देखा है। उसने आज जो किया है वह भी इसी में से एक कमाल की पारी थी।”
रिवर्स स्वीप खेलते समय चोटिल हुए थे पंत
पहले दिन तेज गेंदबाज क्रिस वॉक्स की बॉल पर ऋषभ पंत ने रिवर्स स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की थी। इसी दौरान बॉल उनके राइट पैर के निचले हिस्से यानी पंजे पर लगी। उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया। पंत रिटायर्ट हर्ट हुए थे। हालांकि दूसरे दिन वे फिर पहली पारी में बैटिंग के लिए उतरे। पंत ने 75 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली। वे जोफ्रा आर्चर की बॉल पर बोल्ड हुए।
शार्दुल और बाकी खिलाड़ी भी यह देखने के लिए उत्सुक थे कि पंत दूसरे दिन बैटिंग करने आएंगे तो किस तरह खेलेंगे। उन्होंने साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ की उस पारी को भी याद किया, जिसमें उन्होंने टूटी उंगली के साथ बैटिंग कर टीम को मुश्किल से निकाला था।
𝙂𝙧𝙞𝙩. 𝙂𝙪𝙩𝙨. 𝙂𝙪𝙢𝙥𝙩𝙞𝙤𝙣!
— BCCI (@BCCI) July 24, 2025
When Old Trafford stood up to applaud a brave Rishabh Pant 🙌 🫡#TeamIndia | #ENGvIND | @RishabhPant17 pic.twitter.com/nxT2xZp134
शार्दुल ने कहा- “हर कोई यह देखने के लिए एक्साइटेड था कि वे (पंत) अपनी पारी में आगे खेले खेलेंगे। उन्होंने जो जुनून दिखाया है वह अनमैच्ड है। इससे पहले भी कई खिलाड़ियों ने फ्रैक्चर के बावजूद शानदार पारियां खेली हैं।”
“एक समय ग्रीम स्मिथ ने भी हाथ फ्रैक्चर होने बावजूद साउथ अफ्रीका के लिए कमाल की बल्लेबाजी की थी। ऐसे ही समय में खिलाड़ी की काबिलियत पता चलती है। मुझे लगता है कि पंत को उसकी सकारात्मकता और साहस ही उसे बाकी सभी दर्द और चोट से ऊपर उठा देती है। उनके दर्द सहने की शक्ति काफी ज्यादा है। यदि पंत दर्द में है तो समझ लेना कि चोट काफी गंभीर है।”
फ्रैक्चर की खबर पहले ही फैल गई थी
33 साल के तेज गेंदबाज ने कहा- “यह उसका और मेडिकल टीम का फैसला था। सुबह हमें लगा कि वे बैटिंग कर पाएंगे। मैंने उसके पैर को छूकर देखा कि वो सही से चल पा रहा है या नहीं। यदि वह चल पाएगा तभी बैटिंग करने की बात की जा सकती है।”
“जब हम वॉर्म-अप के लिए मैदान पर पहुंचे तब वो वहां पर नहीं था। इसके बाद मैं बैटिंग के लिए चला गया, फिर वहां क्या हुआ पता नहीं।” शार्दुल ने 88 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली। इस दौरान 5 चौके लगाए। पंत और शार्दुल की पारी के बदौलत टीम इंडिया ने पहली पारी में 358 रन बनाए।
पंत दूसरी पारी में बैटिंग कर पाएंगे या नहीं? इसको लेकर शार्दुल ने कहा, "ये उसका फैसला होगा। वो आज टीम के साथ बस से नहीं आया क्योंकि वह हॉस्पिटल में था। जब हम वार्म-अप कर रहे थे, तब भी वो मैदान पर नहीं था।"

