उंगली टूट जाती तब भी खेलता: चौथे टेस्ट से पहले ऋषभ पंत ने रवि शास्त्री से कही ये बात; लॉर्ड्स के बाद मैनचेस्टर में भी हुए चोटिल
Published:
2 min read

पूर्व भारतीय प्लेयर रवि शास्त्री ने बताया कि उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट से पहले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत से मुलाकात की थी। इस दौरान पूछा था कि क्या वह मैनचेस्टर टेस्ट में खेल पाएंगे और क्या उनकी उंगली में फ्रैक्चर है। इस पर 27 साल के पंत ने कहा था कि वे टूटी हुई उंगली के साथ भी मैच में खेलेंगे।
दरअसल, लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में ऋषभ पंत की उंगली में चोट लगी थी। उन्होंने फिर मैच में विकेटकीपिंग नहीं की थी, लेकिन बैटिंग जरूर की। ऐसे में चौथे टेस्ट से पहले शास्त्री ने पंत से बात की।
चौथे टेस्ट में फिर चोटिल हुए ऋषभ पंत
BCCI ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें शास्त्री ने कहा- "इस मैच (मैनचेस्टर टेस्ट) से पहले मैंने उससे पूछा था कि उंगली की चोट कैसी है? टूटा तो नहीं है? तुम यह मैच खेलोगे। इस पर पंत ने कहा बिल्कुल खेलूंगा। टूटा भी होता तो खेलता।"
किस्मत से पंत की उंगली टूटी नहीं। उसे मैनचेस्टर टेस्ट के लिए प्लेइंग-11 में शामिल किया। मैच में टॉस हारकर टीम इंडिया ने पहले बैटिंग की। पहले दिन तेज गेंदबाज क्रिस वॉक्स की बॉल पर ऋषभ पंत ने रिवर्स स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की थी।
— Flamboypant Media (@flamboypantedit) July 25, 2025
इसी दौरान बॉल उनके राइट पैर के निचले हिस्से यानी पंजे पर लगी। उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया। पंत रिटायर्ट हर्ट हुए थे। हालांकि दूसरे दिन वे फिर पहली पारी में बैटिंग के लिए उतरे। पंत ने 75 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली। वे जोफ्रा आर्चर की बॉल पर बोल्ड हुए।
पंत दूसरी पारी में बैटिंग कर पाएंगे या नहीं
तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने भी पंत की चोट को लेकर बात की। पंत दूसरी पारी में बैटिंग कर पाएंगे या नहीं? इसको लेकर शार्दुल ने कहा, "ये उसका फैसला होगा। वो आज टीम के साथ बस से नहीं आया क्योंकि वह हॉस्पिटल में था। जब हम वार्म-अप कर रहे थे, तब भी वो मैदान पर नहीं था।"

