18 बॉल में 4 विकेट गंवाए, 6 रन बने: भारतीय लोअर ऑर्डर फ्लॉप, सीरीज की पहली पारी में बना सबसे कम 224 का स्कोर; एटकिंसन ने लिए 5 विकेट
Published:
3 min read

करुण नायर ने पहली पारी में 57 रन की पारी खेली। 8 साल बाद उन्होंने टेस्ट में पहली बार 50 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है। (सोशल मीडिया)
इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट की पहली पारी में भारतीय टीम ने 224 रन बनाए हैं। यह इंडिया-इंग्लैंड के बीच खेली जा रही इस 5 मैचों की टेस्ट सीरीज की पहली पारी में यह सबसे छोटा स्कोर है। मैच में भारतीय लोअर ऑर्डर बुरी तरह फ्लॉप रहा। दूसरे दिन (1 अगस्त) टीम ने 18 गेंदों में 4 विकेट गंवा दिए। इस दौरान सिर्फ 6 रन ही बने। तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने 5 विकेट लिए।
दरअसल, मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने 38 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। जबकि 123 के स्कोर पर आधी टीम सिमट गई थी। यहां से करुण नायर ने फिफ्टी लगाकर टीम को संभाला।
Day 1⃣ ✅
— BCCI (@BCCI) August 1, 2025
Day 2⃣ Loading ⌛️#TeamIndia | #ENGvIND pic.twitter.com/lJHCqW60qo
इस तरह टीम ने 18 गेंदों में गंवाए 4 विकेट
पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 204 रन बना लिए थे। करुण 52 और वॉशिंगटन सुंदर 19 रन बनाकर नाबाद रहे। दूसरे दिन उम्मीद थी कि यह दोनों टीम को संभालेंगे और बड़े स्कोर तक ले जाएंगे। मगर ऐसा नहीं हो सका।
67वें ओवर की 5वीं बॉल पर 7वां विकेट गिरा। करुण 57 रन बनाकर आउट हुए। यहीं से लगातार विकेट गिरने का सिलसिला शुरु हुआ और टीम 224 के स्कोर पर ढेर हो गई। 10वां विकेट 70वें ओवर चौथी बॉल पर गिरा। इस तरह 18 गेंदों में भारतीय टीम के 4 विकेट गिर गए और सिर्फ 6 रन बने।
दूसरे दिन एटकिंसन ने 3 और जोश टंग ने 1 विकेट लिया। करुण के अलावा साई सुदर्शन ने 38, वॉशिंगटन सुंदर ने 26 और शुभमन गिल ने 21 रन बनाए। पहली पारी में एटकिंसन ने 5, टंग ने 3 और क्रिस वोक्स ने 1 विकेट लिया। वोक्स चोट के कारण मैच से बाहर हो गए हैं।
सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। शुरुआती 4 मैच के बाद इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है। पहला और तीसरा टेस्ट मेजबान टीम ने जीता था। दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया को सफलता मिली थी। जबकि चौथा टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ था।
पांचवें टेस्ट में भारत-इंग्लैंड की प्लेइंग 11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), करुण नायर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवर्टन और जोश टंग।

